Messi India GOAT Tour: फिर भारत आएंगे मेसी..टी20 वर्ल्डकप के मैच देखेंगे! जय शाह ने दिया टूर्नामेंट का पहला टिकट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फुटबॉल की दुनिया के दिग्गज प्लेयर लियोनल मेसी भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। आज उनके इस दौरे का अंतिम दिन है। अर्जेंटीना के इस दिग्गज फुटबॉलर का सोमवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सम्मान किया गया। इस दौरान आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने उन्हें अगले साल भारत में होने वाले टी20 वर्ल्डकप की टिकट दीं। साथ ही उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी और खिलाड़ियों के ऑटोग्राफ वाला बैट भी गिफ्ट किया।
मेसी के दिल्ली आगमन पर स्टेडियम में मौजूद फैंस ने उनका मेसी..मेसी के नारे लगाकर स्वागत किया। मेसी ने भी हाथ हिलाकर सभी फैंस का अभिवादन किया। इस दौरान उनके साथ स्टार फुटबॉलर रोड्रिगो डी पॉल और लुईस सुआरेज भी मौजूद थे। मेसी ने दोनों के साथ किक मारकर फुटबॉल दर्शकों की तरफ उछाली। तीनों ने बच्चों के साथ मैच भी खेला।
हम फिर वापस आएंगे - मेसी
इस दौरान मेसी ने कहा, 'हम यहां से ढेर सारा प्यार लेकर जा रहे हैं। हम फिर से आएंगे। कोई मैच खेलने के लिए या फिर किसी अन्य मौके पर। लेकिन, हम आएंगे। इस प्यार के लिए धन्यवाद।' बता दें कि मेसी अपने तय समय के काफी समय बाद दिल्ली पहुंचे। उन्हें सुबह के समय वहां पहुंचना था लेकिन खराब मौसम के चलते उनकी उड़ान को रोक दिया गया। जिसके चलते वह दोपहर तीन बजे दिल्ली पहुंच सके।
रविवार को सचिन तेंदुलकर से मिले
इससे पहले अपने 'GOAT इंडिया' टूर के दूसरे दिन मेसी मुंबई में रहे, जहां उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की। इस दौरान सचिन ने उन्हें अपना नाम लिखी हुई वर्ल्डकप 2011 की विनर टीम इंडिया की जर्सी गिफ्ट की। दोनों ने इस ऐतिहासिक पल को कैमरे में कैद करवाया।
अपने दौरे के दूसरे दिन मेसी शाम करीब 5.30 पर वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे। उनके साथ उनके साथी खिलाड़ी लुईस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने अपने हाथ में अर्जेंटीना और भारत का झंडा थामा। स्टेडियम में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस और करीना कपूर, अजय देवगन और टाइगर श्राफ जैसे बॉलीवुड सितारे भी मौजूद थे। मेसी ने सभी से मुलाकात की।
Created On :   15 Dec 2025 6:36 PM IST













