Donald Trump News: एआई की बहस से लेकर चीन और कनाडा के व्यवहार तक ट्रंप ने दी प्रतिक्रिया, कहा- 'जो एआई जीतेगा, वही जीतेगा...'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आयरलैंड से अमेरिका लौटते वक्त एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत की है। जिसमें उन्होंने आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस, चीन, कनाडा और व्यापार से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब दिए हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को लेकर ट्रंप का कहना है कि उनका रवैया अब तक ठीक रहा है। चीन की जासूसी वाले सवाल भी उन्होंने कहा है कि चीन अमेरिका पर नजर रख रहा है लेकिन अमेरिका भी चीन की जानकारी लेता है। कनाडा पर ट्रंप ने कहा है कि वहां के लोगों से उनको कोई परेशानी नहीं है, लेकिन वहां के नेताओं के साथ काम करना मुश्किल हो रहा है। एआई को लेकर उन्होंने अमेरिका को आगे बताया है।
शी जिनपिंग पर ट्रंप की बात
ट्रंप ने कहा है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अब तक ठीक तरह से काम किया है और उनके अनुसार अमेरिका ने भी चीन के साथ सही व्यवहार किया है। चीन की जासूसी के बारे में सवाल पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा कि चीन अमेरिका की जासूसी करता है। लेकिन अमेरिका भी चीन पर नजर रखता है। आगे ट्रंप ने कहा कि अभी तक उन्होंने चीनी कारों को अमेरिका में आने की इजाजत नहीं दी है। उन्होंने बताया कि चीन के सामान पर भारी टैक्स लगाया गया था, यह टैक्स 100 से 150 प्रतिशत तक था। इस वजह से ही चीनी कारें अमेरिकी बाजार में नहीं आ सकीं। उन्होंने यूरोप का उदाहरण भी दिया और उनका कहना था कि वहां विदेशी कारों की वजह से परेशानी बढ़ रही है, लेकिन अमेरिका में अभी ऐसी स्थिति नहीं बनी है। बोइंग के विमानों से जुड़े सौदे के बारे में ट्रंप ने कहा कि वह इसे पूरा करेंगे। उन्होंने अपनी बातचीत की शैली बताते हुए कहा कि वह हर डील पूरी कर लेते हैं।
कनाडा से काम करना मुश्किल
कनाडा के बारे में ट्रंप ने कहा कि उनके लिए वहां की सरकार के साथ काम करना काफी मुश्किल है। उन्होंने साफ किया कि उन्हें कनाडा के आम लोगों से कोई दिक्कत नहीं है। उनके मुताबिक, कनाडा के लोग अच्छे हैं, लेकिन वहां के नेताओं के साथ बातचीत करना आसान नहीं है। ट्रंप ने यह भी कहा कि कनाडा अब अमेरिका के साथ समझौता करना चाहता है और उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा ने लंबे समय तक अमेरिका से फायदा उठाया, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है।
एआई को लेकर ट्रंप का दावा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई पर ट्रंप ने कहा कि जिस देश का एआई सबसे आगे होगा, वही आगे रहेगा। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में अमेरिका काफी आगे है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह खुद एआई का इस्तेमाल करते हैं तो उन्होंने कहा कि हां, लेकिन वह इसका इस्तेमाल किस काम के लिए करते हैं यह बताने से मना कर दिया।
Created On :   14 Sept 2026 12:52 PM IST












