अमेरिका की चाटुकारिता करते नहीं थक रहा PAK: शहबाज शरीफ ने ट्रंप को कहा 'थैंक्यू'! भारत से जुड़ा है मामला, जानें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पिछले साल हुए भारत-पाकिस्तान संघर्ष खत्म कराने में अमेरिका की भूमिका पर बयान दिया है। उन्होंने भारत के साथ पाकिस्तान के सैन्य संघर्ष खत्म कराने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आभार व्यक्त किया है। बता दें, अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर गुरुवार को अमेरिकी दूतावास स्वागत समारोह आयोजित किया था। इस दौरान शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान-अमेरिका संबंधों को करीब 8 दश्कों से जारी सच्चा और खास रिश्ता बताया।
यह भी पढ़े -पीएम मोदी के कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का कद बढ़ा, देश बना ताकतवर राजनाथ सिंह
शहबाज शरीफ ने भारत-पाक युद्धविराम के लिए ट्रंप को जताया आभार
बता दें, पिछले साल जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक जारी सैन्य संघर्ष पर अब पीएम शहबाज शरीफ ने चर्चा की। उन्होंने कहा कि ट्रंप के हस्तक्षेप ने संघर्ष समाप्त करने में अहम भूमिका निभाई।
पाक पीएम ने दावा किया, 'पिछले साल पहलगाम हमले के बाद आतंकी ठिकानों पर भारत की एयर स्ट्राइक के बाद शुरू हुए संघर्ष पर ट्रंप ने समय रहते और निर्णायक हस्तक्षेप किया जिसके कारण 10 मई, 2025 को पाकिस्तान और भारत के बीच सैन्य संघर्ष थमा।' उन्होंने कहा, 'दक्षिण एशिया में शांति बहाल करने और लाखों लोगों की जान बचाने के लिए हम राष्ट्रपति ट्रंप के सदा आभारी रहेंगे। इस संदर्भ में उन्हें हमेशा शांतिप्रिय व्यक्ति के रूप में याद किया जाएगा।'
पहलगाम हमले के बाद भारत ने पिछले साल सात मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था जिसका निशाना पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ढांचे थे। ट्रंप ने बार-बार दावा किया है कि उन्होंने सैन्य संघर्ष के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच शांति स्थापित करने में मदद की। हालांकि, भारत लगातार यह कहता रहा है कि समझौता दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर हुआ था और उसने तीसरे पक्ष की मध्यस्थता के दावों को खारिज कर दिया है।
शहबाज ने ट्रंप की अद्वितीय नेतृत्व शैली की सराहना करते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने वॉशिंगटन की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों और अपने हितों की रक्षा में ऊर्जा और दृढ़ संकल्प का संचार किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके साहसी और दूरदर्शी नेतृत्व में अमेरिका शांति, प्रगति और समृद्धि को आगे बढ़ाते हुए विश्वास और गतिशीलता को प्रेरित करता रहता है।
यह भी पढ़े -दुनिया भारत की ओर नई दिशा की उम्मीद से देख रही है, हमें हर स्तर पर खुद को मजबूत बनाना होगा मोहन भागवत
पाक पीएम ने की ट्रंप की तारीफ
द्विपक्षीय संबंधों के इतिहास को याद करते हुए शहबाज शरीफ ने उल्लेख किया कि 1947 में पाकिस्तान के निर्माण के बाद उसे मान्यता देने वाले पहले देशों में अमेरिका भी शामिल था। उन्होंने सुरक्षा, व्यापार, निवेश, कृषि, विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा, 'हमारा रिश्ता सच्चा और खास है, जो लगभग आठ दशकों से चला आ रहा है और इसमें न सिर्फ सुरक्षा और आतंकवाद-विरोधी गतिविधियों में सहयोग शामिल है, बल्कि व्यापार, निवेश, कृषि, विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और जन-जन आदान-प्रदान में भी समान रूप से सहयोग शामिल है।'
मध्य-पूर्व में क्षेत्रीय कूटनीति को लेकर शहबाज शरीफ ने दावा किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच संपर्क स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और उन्होंने शांति प्रयासों में योगदान के लिए सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को धन्यवाद दिया।
Created On :   5 Jun 2026 6:39 PM IST











