US-Iran Tension: ताबड़तोड़ हमलों के बीच ट्रंप का बड़ा दावा, बताया ईरान करना चाहता है बातचीत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है। अमेरिका और ईरान के बीच हालात दोबारा बिगड़ते नजर आ रहे हैं। दोनों देशों के बीच लगातार तीखी बयानबाजी और सैन्य कार्रवाई से पूरे इलाके में चिंता का माहौल बन गया है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान की ओर से बातचीत के लिए संपर्क किया गया है और वहां के अधिकारी समझौता करना चाहते हैं।
ट्रंप का दावा, ईरान ने किया संपर्क
अमेरिकी डिजिटल मीडिया वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि कुछ समय पहले ईरानी अधिकारियों का फोन आया था। उनके मुताबिक, ईरान अब समझौते की राह तलाश रहा है। हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात पर पूरा भरोसा नहीं है कि ईरान किसी भी समझौते का ईमानदारी से पालन करेगा या नहीं।
ईरान ने दिया सख्त जवाब
ट्रंप के बयान के बाद ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ईरान किसी की अपमानजनक भाषा से नहीं, बल्कि उसकी सख्त कार्रवाई से जवाब देता है। उनका कहना था कि इस तरह के बयान ईरानी जनता के सम्मान, हिम्मत और संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते। उन्होंने साफ कहा कि ईरान अपने राष्ट्रीय हितों और देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है।
हमले तेज होने से बढ़ी चिंता
होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हुए हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान पर अपनी सैन्य कार्रवाई और तेज कर दी है। रिपोर्टों के अनुसार चाबहार बंदरगाह से लेकर बंदर अब्बास तक कई इलाकों में अमेरिकी सेना ने हमले किए। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
यह भी पढ़े -भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था, आईएमएफ ने 2026 में लगाया 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ का अनुमान
ट्रंप बोले, जवाब और भी सख्त होगा
इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि अमेरिका हर हमले का पहले से कहीं ज्यादा मजबूत जवाब देगा। उनका कहना था कि अगर ईरान अमेरिका पर एक हमला करेगा तो जवाब में अमेरिका 20 हमले करेगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका किसी भी चुनौती का पूरी ताकत से सामना करेगा और अपने हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
Created On :   9 July 2026 10:46 AM IST













