US-Iran War: ईरान के 8 शहरों पर अमेरिका ने किया हमला, बंदर अब्बास से लेकर खामेनेई के जनाजे वाली जगह भी लिस्ट में शामिल

ईरान के 8 शहरों पर अमेरिका ने किया हमला, बंदर अब्बास से लेकर खामेनेई के जनाजे वाली जगह भी लिस्ट में शामिल
अमेरिका और ईरान के बीच फिर से तनाव बढ़ रहा है। अमेरिका ने अयातुल्लाह के होम टाउन मशहद के साथ कई अहम जगहों पर एयरस्ट्राइक की है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच लड़ाई फिर से तेज हो गई है। दोनों देश लगातार एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। इस बार अमेरिका ने ईरान के कई अहम इलाकों को निशाना बनाया, जिससे तनाव और बढ़ गया है। सबसे ज्यादा चर्चा मशहद शहर में हुए हमले की हो रही है, क्योंकि यह ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई का होम टाउन है, साथ ही कई अन्य अहम जगहों पर भी निशाना साधा है। वहीं दूसरी तरफ ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की है और अमेरिका के खिलाफ सख्त रुख दिखाया है। हालात लगातार बिगड़ रहे हैं और पूरी दुनिया की नजर इस संघर्ष पर टिकी हुई है।

मशहद में हमले से बढ़ा तनाव

अमेरिका ने ईरान के मशहद शहर में दो पुलों पर हमला किया। यह शहर अयातुल्ला खामेनेई का होम टाउन माना जाता है और उनका जनाजा भी यहीं पहुंचने वाला है। हमले के बाद ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने जानबूझकर यह कार्रवाई की। शहर में अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ लोगों का गुस्सा भी देखने को मिला।

दोनों देशों की सख्त चेतावनी

ईरान ने अमेरिका के नौसेना मुख्यालय के पास हमला करने का दावा किया। इसके बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान ने हालिया समझौते की शर्तों का पालन नहीं किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने फिर से स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में जहाजों को रोकने की कोशिश की, तो अमेरिका सख्त जवाब देगा। दूसरी तरफ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जरूरत पड़ी तो आगे भी सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी।

अमेरिका ने इन जगहों को बनाया निशाना

अमेरिकी सेना ने ईरान के कई अहम ठिकानों पर हमला किया। इनमें जस्क, सिरिक, बंदर अब्बास, अबू मूसा द्वीप, चाबहार पोर्ट का मैरीटाइम ट्रैफिक कंट्रोल टावर, बुशहर, गोलेस्तान के पास रेलवे ब्रिज और ईरानशहर शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पहली बार उत्तर-पूर्वी ईरान के रेलवे नेटवर्क को भी निशाना बनाया गया।

युद्ध से बढ़ रहा दोनों देशों का नुकसान

इस संघर्ष में दोनों देशों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान का दावा है कि युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका के 30 एमक्यू-9 रीपर ड्रोन मार गिराए गए हैं। हर ड्रोन की कीमत करीब 30 मिलियन डॉलर बताई जा रही है। वहीं अमेरिका का कहना है कि उसने ईरान को बड़ा जवाब दिया है। अब दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता हुआ नजर आ रहा है।

Created On :   9 July 2026 11:54 AM IST

Tags

Next Story