US Iran News: मिडिल ईस्ट में फिर से बजा बर्बादी का बिगुल! एक तरफ कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त, दूसरी तरफ ईरान लड़ाई के लिए तैयार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे युद्धविराम के खत्म होने का ऐलान कर दिया है। उनके इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर से बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। ट्रंप ने ईरान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वहां की सरकार भरोसे के लायक नहीं है और बातचीत के नाम पर सिर्फ समय निकाल रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। इस पर ईरान ने भी सख्त जवाब दिया है।
ईरान ने कहा- धमकियों से डरने वाले नहीं
ट्रंप के बयान के बाद ईरान ने भी सख्त जवाब दिया। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने कहा कि उनका देश हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। वहीं संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर गालिबफ ने अमेरिका पर पहले हुए समझौतों को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि धमकी और दबाव की राजनीति अब काम नहीं करेगी और ईरान किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाला नहीं है।
यह भी पढ़े -फिर छिड़ेगी जंग? ट्रंप का बड़ा ऐलान, ईरान के साथ हुए समझौते पर लगाया पूर्ण विराम, बोले- MoU अब खत्म हो चुका है
दोनों देशों ने किए जवाबी कार्रवाई के दावे
अमेरिका ने दावा किया कि उसने ईरान के 80 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसके जवाब में ईरान ने भी अमेरिकी ठिकानों पर कार्रवाई करने का दावा किया। ईरानी सेना का कहना है कि बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ड्रोन से हमला किया गया। हालांकि दोनों पक्षों के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़े -अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव से कच्चे तेल की कीमत 6 प्रतिशत बढ़कर 80 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंची
तेल बाजार में मची हलचल
युद्धविराम खत्म होने की खबर का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी तुरंत दिखाई दिया। कच्चे तेल की कीमतों में 5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। ब्रेंट कच्चा तेल बढ़कर 78.09 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया, जबकि अमेरिकी कच्चे तेल का भाव 74.23 डॉलर प्रति बैरल हो गया। जानकारों का मानना है कि अगर हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो दुनिया भर में ईंधन की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है और पेट्रोल-डीजल महंगे होने की आशंका भी बढ़ जाएगी।
Created On :   8 July 2026 6:06 PM IST












