Houthi Attack Saudi Arabia: हूतियों ने ड्रोन और मिसाइल से सऊदी पर किया हमला, मक्का में इमरजेंसी अलर्ट जारी

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। यमन के हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को सऊदी अरब के कुछ इलाकों में ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिसके बाद सऊदी अरब ने मक्का में पहली बार इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, 'यह चेतावनी नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए जारी की गई थी।'
अलर्ट के दौरान लोगों को ऊंची इमारतों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई। कुछ समय बाद सिविल डिफेंस ने बताया कि तत्काल खतरा खत्म हो गया है। इसके साथ ही लोगों से भीड़ से दूर रहने और घटना से जुड़ी फोटो या वीडियो नहीं बनाने की अपील की गई।
इससे पहले मंगलवार सुबह जेद्दा और ताइफ में भी इसी तरह की इमरजेंसी चेतावनी जारी की गई थी। खतरा टलने के बाद इन दोनों जगहों के अलर्ट भी हटा दिए गए।
यह भी पढ़े -यमन के हूती विद्रोहियों का सऊदी एयरबेस पर मिसाइल और ड्रोन हमले, उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने की निंदा
2017 में भी मक्का को निशाना बनाने की कोशिश
हूती विद्रोहियों ने इससे पहले 27 जुलाई 2017 को मक्का की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी। हालांकि, सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, मिसाइल को मक्का से करीब 69 किलोमीटर दूर अल-वसिलिया इलाके में ही नष्ट कर दिया गया था।
लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह
मक्का, जेद्दा और ताइफ में जारी चेतावनी में लोगों से भीड़ वाले स्थानों और खुले इलाकों में जाने से बचने को कहा गया। लोगों को शांत रहने और खतरा महसूस होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की सलाह दी गई।
सिविल डिफेंस ने लोगों से घर के अंदर रहने और खिड़की, बालकनी, छत, शीशे और खुले हिस्सों से दूरी बनाए रखने को कहा। अगर कोई व्यक्ति बाहर है, तो उसे नजदीकी इमारत में जाने या किसी मजबूत संरचना की आड़ लेने की सलाह दी गई। खतरा पूरी तरह खत्म होने तक सुरक्षित जगह पर रहने को कहा गया।
Created On :   16 Sept 2026 12:15 AM IST












