Jaishankar Ukraine Visit: रूस-यूक्रेन तनाव के बीच भारत ने की मध्यस्थता की पेशकश! कीव में विदेश मंत्री के बयान से मिले संकेत

डिजिटल डेस्क, कीव। रूस और यूक्रेन के बीच तनाव खत्म करने को लेकर भारत ने मध्यस्थता की पेशकश की है। इसको लेकर भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने यूक्रेन दौरे के दौरान बयान दिया है। उनका कहना है कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को समाप्त करने में भारत मदद करने के लिए तैयार है। उन्होंने यह बयान गुरुवार (3 सितंबर) को राजधानी कीव में दिया है।
काला सागर में हो रहे हमलों पर चर्चा
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि यूक्रेनी विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा के साथ एस जयशंकर ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान भारतीय विदेश मंत्री का कहना है कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध समाप्त करने में अगर किसी भी तरह से मदद कर सकता है, तो इसके लिए हम तैयार हैं। रिपोर्ट में आगे दोनों नेताओं की बैठक का जिक्र करते हुए बताया गया कि इस दौरान दोनों मंत्रियों ने ब्लैक सी यानी काला सागर में व्यापारिक शिपिंग पर हो रहे हमलों के बारे में भी चर्चा की।
विदेश मंत्रालय ने क्या बताया?
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि एस जयशंकर मौजूदा समय में यूक्रेन के दौरे पर हैं। इस दौरान उनकी मुलाकात अपने समकक्ष आंद्री सिबिहा और पोलैंड के उप-प्रधानमंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की के साथ द्विपक्षीय बातचीत करने वाले हैं। मंत्रालय ने यह भी बताया कि वह अपने इस दौरे के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाना और क्षेत्रीय घटनाक्रमों और आपसी हित के मुद्दों पर मंथन करेंगे।
यह भी पढ़े -जेलेंस्की से मुलाकात करने के ठीक पहले ही ट्रंप ने चली टेढ़ी चाल, कहा- 'नाटो और क्रीमिया को छोड़ना होगा'
जयशंकर के स्वागत में यूक्रेन की प्रतिक्रिया
यूक्रेनी विदेश मंत्री ने जयशंकर के कीव पहुंचने पर कहा कि यूक्रेन की यात्रा पर आने वाले पहले भारतीय विदेश मंत्री का स्वागत करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने इस मुलाकात को ऐतिहासिक पल बताते हुए कहा कि यह अवसर ऐसे समय पर आया है, जब वहां के शहरों, बंदरगाह के बुनियादी ढांचे और नागरिक जहाजों पर रूसी हमले बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी कीव लगातार हमले का शिकार हो रही है। इस बीच जब आप यूक्रेन के दौरे पर आए हैं, तो इस साहस के लिए मैं आपकी यात्रा की सराहना करता हूं।
यह भी पढ़े -रूस कर रहा है बड़े हमले की तैयारी? 1,000 से ज्यादा मिसाइलें लेकर दे रहा नॉर्थ कोरिया के सैनिकों को ट्रेनिंग
Created On :   3 Sept 2026 7:06 PM IST












