Jaishankar-Zelensky Meeting: जयशंकर-जेलेंस्की आमने-सामने, रूसी हमले में यूक्रेन ने भारतीय डेलीगेशन की जान बचाने का किया दावा

डिजिटल डेस्क, कीव। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर यूक्रेन के दौरे पर हैं। इस दौरान उनकी मुलाकात गुरुवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से हुई। दोनों नेताओं के बीच रूस और यूक्रेन जंग को समाप्त करने के तरीकों पर बातचीत हुई। इस दौरान जयशंकर ने कहा कि भारत इस युद्ध को खत्म कराने के लिए किसी भी तरह की मदद करने के लिए तैयार है। वहीं, जेलेंस्की ने दावा करते हुए कहा कि उन्होंने रूसी ड्रोन हमले से भारतीय डेलिगेशन को सुरक्षित बचाया है।
जेलेंस्की ने स्पष्ट रुख के लिए दिया धन्यवाद
भारतीय विदेश मंत्री से मुलाकात के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारत के इस स्पष्ट रुख के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "हम इस अन्यायपूर्ण युद्ध को खत्म करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता के आभारी हैं। यह निश्चित रूप से युद्ध का समय नहीं है, शांति की आवश्यकता है और यही भारत का स्पष्ट रुख है। आज जब विदेश मंत्री कीव में हमारे साथ थे, रूस ने फिर से ईरान निर्मित शाहेद ड्रोन से हमला किया। हमारी वायुसेना के लड़ाकू विमानों की सतर्कता के कारण प्रतिनिधिमंडल सुरक्षित रहा।"
जेलेंस्की का कहना है कि काला सागर में व्यापारिक जहाजों और खाद्य आपूर्ति गलियारों पर रूसी हमले लगातार हो रहे हैं, जिन पर उन्होंने चिंता व्यक्त की है। इसके साथ ही वैश्विक खाद्य सुरक्षा की रक्षा के लिए दुनिया की प्रमुख शक्तियों को एकसाथ आने के लिए कहा है।
यूक्रेनी विदेश मंत्री से की मुलाकात
इससे पहले जयशंकर ने यूक्रेनी विदेश मंत्री एड्री सिबिहा के साथ व्यापक तौर पर चर्चा की। इसके बाद एक संयुक्त बयान में जयशंकर ने बताया कि भारत लगातार यह मानता रहा है कि यह युद्ध का समय नहीं है और इससे किसी समस्या का समाधान नहीं निकलने वाला है। उनकी यह यात्रा ऐसे समय पर हुई है, जब रूस और यूक्रेन के बीच हमले तेज हो गए हैं।
Created On :   4 Sept 2026 1:07 AM IST














