Middle East Tension: भारत में ईरान ने अमेरिका को सुनाई खरी-खरी! ट्रंप ने कहा- जल्द खत्म होगी जंग

भारत में ईरान ने अमेरिका को सुनाई खरी-खरी! ट्रंप ने कहा- जल्द खत्म होगी जंग
भारत में BRICS समिट का आयोजन हो रहा है। इस बीच दुनिया के लिए सबसे अहम समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में BRICS समिट का आयोजन हो रहा है। इस बीच दुनिया के लिए सबसे अहम समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अमेरिका को स्पष्ट नसीहत दी है और मिडिल ईस्ट को लेकर कहा कि किसी "रीजनल पुलिसमैन" की जरूरत नहीं है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही को लेकर बड़ा बयान दिया है।

ईरानी सुरक्षा को लेकर दी प्रतिक्रिया

ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान BRICS समिट में शामिल होने के लिए आए हुए हैं। इस दौरान उन्होंने शनिवार को नई दिल्ली में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात की। इस दौरान उनका कहना है कि इलाके की सुरक्षा और उसकी सीमाओं की हिफाजत क्षेत्र के देशों और मुख्य खिलाड़ियों के माध्यम से ही सुनिश्चित हो सकती है। इसके अलावा उनका कहना है कि क्षेत्र में अमेरिका जैसे किसी बाहरी "रीजनल पुलिसमैन" की आवश्यकता नहीं है।

कमजोर करने में हुए असफल

इस बयान के अलावा न्यूज चैनल आजतक से बातचीत में पेजेश्कियान ने कहा कि अमेरिका और उसके करीबी मित्र देशों ने ईरानी सरकार को कमजोर करने का प्रयास किया, लेकिन वे अपने मकसद में असफल हो गए। उन्होंने आगे बताया कि इस पूरी स्थिति की वजह से ईरानी नागरिक पहले से ज्यादा एकसाथ आ गए हैं। उनका यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब होर्मुज स्ट्रेट में नाकेबंदी जारी है। इसके कारण व्यापारिक जहाजों और तेल सप्लाई पर काफी असर देखने को मिला है।

ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर दी प्रतिक्रिया

दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह सऊदी अरब में बढ़ी हुई चिंताओं के बीच होर्मुज स्ट्रेट में फिर से सुरक्षित आवाजाही शुरू करने में सहायता कर सकते हैं? इस पर उनका कहना है, "सब कुछ ठीक हो जाएगा।" उन्होंने यह बयान आयरलैंड की राष्ट्रपति कैथरीन कॉनॉली से मुलाकात करने के बाद डबलिन में दिया। इसके साथ ही कहा कि मिडिल ईस्ट की जंग बहुत जल्द समाप्त होगी, जिसके बाद तेल की कीमतों में गिरावट आएगी।

Created On :   12 Sept 2026 6:50 PM IST

Tags

Next Story