BRICS Summit 2026: 'UAE हमारा भाई, समस्या अमेरिका है', BRICS में ईरानी राष्ट्रपति का बड़ा बयान

UAE हमारा भाई, समस्या अमेरिका है, BRICS में ईरानी राष्ट्रपति का बड़ा बयान
ब्रिक्स समिट में शामिल होने के लिए ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भारत आए हुए हैं। इस दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और अरब देशों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ब्रिक्स समिट में शामिल होने के लिए ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भारत आए हुए हैं। इस दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और अरब देशों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि ईरान का संयुक्त अरब अमीरात (UAE) दुश्मन नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने खाड़ी और अन्य देशों से अपील की है कि वे अमेरिका को ईरान के खिलाफ होने वाली कार्रवाइयों के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल करने न दें।

मित्र और पड़ोसी मुल्कों को लेकर क्या बोले?

ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए कहा, "हमें यूएई से कोई समस्या नहीं है। हमें इलाके के किसी देश से कोई दिक्कत नहीं है। हमें दिक्कत उन अमेरिकी सैन्य बेस से है, जो इन देशों में बने हैं और जिनसे वे हम पर हमला कर रहे हैं। ईरान, यूएई और इलाके के दूसरे देश हमारे भाई हैं। हम लंबे समय से साथ रहे हैं और हमारे बीच ट्रेड भी होता रहा है। हमने हमेशा एक-दूसरे का साथ दिया है, लेकिन यहां समस्या की जड़ अमेरिका है। वह यहां आए, बेस बनाए और हमारे लोगों पर हमले किए।"

वह आगे अपने मित्र और पड़ोसी मुल्कों से कहते हैं कि वे अपनी धरती का ईरान के खिलाफ होने वाले हमले में इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दें।

भारत में ईरान और यूएई के बीच बातचीत

नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में संयुक्त अरब अमीरात की तरफ से अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान पहुंचे हैं। इस दौरान उनकी मुलाकात ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान से हुई है। दोनों नेताओं की इस मुलाकात को एक कूटनीतिक सफलता के तौर पर माना जा रहा है। ऐसा इसलिए कि अमेरिका और ईरान के युद्ध के दौरान ईरान और यूएई के बीच काफी मतभेद देखने को मिले हैं।

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा मिडिल ईस्ट में तनाव कम करने और शांति कायम करने को लेकर भी बातचीत हुई है।

Created On :   12 Sept 2026 9:45 PM IST

Tags

Next Story