Iran-US Tension: अमेरिका की नई पाबंदियों से नहीं डरेगा ईरान! 60 लोगों-जहाजों पर प्रतिबंध के बाद तेहरान बोला- किसी के सामने नहीं झुकेंगे

अमेरिका की नई पाबंदियों से नहीं डरेगा ईरान! 60 लोगों-जहाजों पर प्रतिबंध के बाद तेहरान बोला- किसी के सामने नहीं झुकेंगे
अमेरिका ने ईरान पर नए आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं। इसके जवाब में तेहरान ने कहा कि वह दबाव से निपटने के लिए तैयार है और देश को संभालने की कोशिश करेगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका ने ईरान पर आर्थिक दबाव और बढ़ा दिया है। 24 अगस्त को वॉशिंगटन ने करीब 60 लोगों, कंपनियों और जहाजों पर नए प्रतिबंध लगाए। अमेरिका का कहना है कि इन कदमों से ईरान की कमाई और विदेशों से होने वाले आर्थिक लेन-देन पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है। इन प्रतिबंधों के बाद ईरान ने भी साफ कर दिया है कि वह पीछे हटने वाला नहीं है और न ही किसी के सामने झुकेगा। तेहरान का कहना है कि देश पहले से ही ऐसे हालात के लिए तैयार है। सरकार ने माना कि आर्थिक परेशानी जरूर है लेकिन मिलकर इसका सामना किया जाएगा।

ईरान बोला- मुश्किल समय में देश साथ खड़ा है

ईरान सरकार की प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने कहा कि सरकार मजबूत सोच के साथ इस मुश्किल दौर से निकलने की कोशिश करेगी। उन्होंने माना कि देश के सामने आर्थिक दिक्कतें हैं। सरकार का कहना है कि सही फैसलों और लोगों के साथ से इन परेशानियों को कम किया जा सकता है।

अर्थव्यवस्था मंत्री ने भी अमेरिका को दिया जवाब

ईरान के अर्थव्यवस्था मंत्री अली मदनीजादेह ने कहा कि उनका देश नए अमेरिकी प्रतिबंधों के लिए तैयार है। उनके मुताबिक, अमेरिका ईरान की आर्थिक गतिविधियों को पूरी तरह बंद नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि सरकार लंबे समय से ऐसे कदमों से निपटने की तैयारी कर रही है।

अमेरिका ने क्यों बढ़ाया दबाव?

अमेरिका ने ईरान की तेल से होने वाली कमाई और दूसरे आर्थिक रास्तों को निशाना बनाया है। नए कदमों में करीब 60 लोगों, संस्थाओं और जहाजों पर कार्रवाई की गई है। डिजिटल करेंसी, तकनीक, सोना, विमान और जहाजों से जुड़े क्षेत्रों पर भी दबाव बढ़ाया गया है। अमेरिका ने ईरान के साथ कारोबार करने वाले दूसरे देशों और कंपनियों को भी आगे कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Created On :   25 Aug 2026 9:44 AM IST

Tags

Next Story