Indonesia Vantara Partnership: इंडोनेशिया और वंतारा के बीच वन्यजीव स्वास्थ्य एवं संरक्षण को लेकर बड़ी साझेदारी

जकार्ता। इंडोनेशिया के वन मंत्री राजा जूली एंटोनी ने जकार्ता में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में देश में वन्यजीव स्वास्थ्य और प्राकृतिक आवास में संरक्षण यानी In-Situ Conservation को मजबूत करने के लिए कई नई पहलों की घोषणा की। इन कार्यक्रमों को अनंत अंबानी द्वारा स्थापित वंतारा, इंडोनेशिया की प्रमुख वन्यजीव संस्था PT Fauna Land Group के सहयोग से समर्थन देगी।
मंत्री राजा जूली एंटोनी ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इंडोनेशिया में वन्यजीवों की देखभाल के लिए जरूरी सुविधाएं, विशेषज्ञता और संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी के माध्यम से देश के वन्यजीव स्वास्थ्य और संरक्षण ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सहयोग के तहत विकसित होने वाली सभी सुविधाएं और कार्यक्रम इंडोनेशिया सरकार और संबंधित सरकारी संस्थाओं के स्वामित्व, संचालन और प्रबंधन में रहेंगे। इनका उद्देश्य देश की संरक्षण प्राथमिकताओं और वन्यजीवों की दीर्घकालिक जरूरतों को पूरा करना होगा।
वंतारा देगा विशेषज्ञता और तकनीकी सहयोग
वंतारा के CEO विवान करानी ने कहा कि इंडोनेशिया दुनिया की सबसे समृद्ध जैव विविधता वाले देशों में शामिल है और इसके प्राकृतिक विरासत की रक्षा में योगदान देना वंतारा के लिए सम्मान की बात है।
उन्होंने कहा कि वंतारा ने वन्यजीव स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, पशु देखभाल और संरक्षण के क्षेत्र में विशेषज्ञता विकसित की है। इस साझेदारी के माध्यम से वह अपने अनुभव और विशेषज्ञता को इंडोनेशिया के साथ साझा करेगा और साथ ही इंडोनेशिया के संरक्षण अनुभव से सीखने का अवसर भी मिलेगा।
करानी के अनुसार, इस साझेदारी का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य वन्यजीवों के लिए व्यावहारिक और दीर्घकालिक समाधान तैयार करना है।
10 ‘हॉस्पिटल ऑन व्हील्स’ होंगे शुरू
साझेदारी के तहत इंडोनेशिया में वन्यजीव स्वास्थ्य सुविधाओं और फील्ड स्तर की क्षमताओं को मजबूत करने की योजना है। प्रमुख पहलों में हाथियों की देखभाल करने वाले कर्मचारियों, पशु चिकित्सकों और वन्यजीव प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण शामिल है।
इसके अलावा देशभर में वन्यजीवों की मौके पर ही चिकित्सा जरूरतों को पूरा करने के लिए 10 ‘हॉस्पिटल ऑन व्हील्स’ विकसित किए जाएंगे।
इन मोबाइल अस्पतालों के माध्यम से उन वन्यजीवों तक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, जिन्हें उनके प्राकृतिक आवास से बाहर लाए बिना उपचार की आवश्यकता होती है।
वे कंबास एलीफेंट हॉस्पिटल होगा अपग्रेड
साझेदारी की प्रमुख योजनाओं में Way Kambas Elephant Hospital को अत्याधुनिक Elephant Treatment and Care Centre में विकसित करना भी शामिल है।
अस्पताल में आधुनिक उपकरण, चिकित्सा सुविधाएं, तकनीक और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। अपग्रेड होने के बाद यह केंद्र मानव देखभाल में रह रहे 62 सुमात्राई हाथियों के साथ-साथ आसपास के प्राकृतिक क्षेत्र में रहने वाले करीब 100 जंगली सुमात्राई हाथियों की चिकित्सा एवं देखभाल में सहायता करेगा।
Fauna Land भी निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका
Fauna Land के CEO डैनी गुनालेन ने कहा कि इंडोनेशिया असाधारण वन्यजीव और जैव विविधता से समृद्ध है। इसकी रक्षा करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सरकार और वंतारा के साथ मिलकर काम करने से वन्यजीव स्वास्थ्य और देखभाल के क्षेत्र में स्थानीय क्षमताओं को मजबूत करने, बेहतर बुनियादी ढांचा विकसित करने और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए काम करने वाले लोगों को सहायता देने में मदद मिलेगी।
MoU के तहत होगा व्यापक सहयोग
यह पहल इंडोनेशिया सरकार और वंतारा के बीच पहले से मौजूद समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत व्यापक सहयोग का हिस्सा है। इस MoU में वन्यजीव स्वास्थ्य, पशु कल्याण और संरक्षण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग का ढांचा तैयार किया गया है।
सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल हैं:
- वन्यजीव स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा देखभाल
- प्राकृतिक आवास में संरक्षण (In-Situ Conservation)
- प्राकृतिक आवास के बाहर संरक्षण (Ex-Situ Conservation)
- पशु कल्याण
- संरक्षण प्रजनन
- वन्यजीव पुनर्वास
- रीवाइल्डिंग यानी वन्यजीवों को उपयुक्त प्राकृतिक आवास में पुनर्स्थापित करना
- क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण
- तकनीकी एवं बुनियादी ढांचे से जुड़ा सहयोग
वंतारा की अंतरराष्ट्रीय संरक्षण गतिविधियों का विस्तार
अनंत अंबानी द्वारा स्थापित वंतारा के लिए यह साझेदारी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसके संरक्षण प्रयासों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। वंतारा ने हाल ही में अपनी Five Year Plan जारी की है।
इस सहयोग के जरिए जामनगर, गुजरात स्थित वंतारा में विकसित विशेषज्ञता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वन्यजीव स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, पशु देखभाल और प्राकृतिक आवास में संरक्षण के लिए साझा किया जाएगा।
वंतारा क्या है?
वंतारा अनंत अंबानी द्वारा स्थापित पशु कल्याण और वन्यजीव संरक्षण संगठन है। गुजरात के जामनगर स्थित इसकी सुविधाओं में वन्यजीवों के रेस्क्यू, पुनर्वास, उपचार और जरूरत पड़ने पर दीर्घकालिक देखभाल की व्यवस्था है।
इसके कार्यक्रमों में आधुनिक पशु चिकित्सा, प्रजाति-विशिष्ट पोषण, विशेष बुनियादी ढांचे और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की टीमों का सहयोग शामिल है।
वंतारा भारत और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में वन्यजीव संरक्षण के लिए साझेदारियों के माध्यम से अपनी विशेषज्ञता का विस्तार कर रहा है। संगठन संरक्षण प्रजनन, पुनर्वास और उपयुक्त प्राकृतिक आवासों में वन्यजीवों को पुनर्स्थापित करने यानी rewilding से जुड़े कार्यक्रमों पर भी काम करता है।
Fauna Land के बारे में
Fauna Land इंडोनेशिया की प्रमुख वन्यजीव संस्थाओं में से एक है, जो वन्यजीव संरक्षण, पशु कल्याण और इंडोनेशिया की जैव विविधता की सुरक्षा के लिए काम करती है।
संस्था वन्यजीव देखभाल, संरक्षण और फील्ड आधारित कार्यक्रमों के अनुभव के साथ सरकारी एजेंसियों, संरक्षण संस्थानों और अन्य साझेदारों के साथ मिलकर इंडोनेशिया में वन्यजीवों की सुरक्षा एवं कल्याण को मजबूत करने की दिशा में काम करती है।
Created On :   25 Aug 2026 1:00 AM IST











