Gaza-Israel Tension: गाजा में फिर बरसी इजरायली सेना की आफत, 4 साल के मासूम समेत दो की मौत, 7 घायल

डिजिटल डेस्क, यरूशलम। इजरायल की सेना लगातार गाजा में हमला कर रही है। इस बीच ताजा हमलों में कम से कम दो लोगों के मारे जाने की खबर मिली है। इनमें एक 4 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। इसके अलावा सात अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसकी पुष्टि फिलिस्तीन के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने की है।
स्थानीय लोगों ने क्या कहा?
अलजजीरा ने अपनी रिपोर्ट में स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि इन हमलों में एक हमला जवायदा शहर में हुआ है, जहां एक इमारत क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले इजरायली सेना ने नागरिकों को अपनी संपत्ति और इलाका छोड़ने के लिए चेतावनी दी थी। स्वास्थ्यकर्मी का कहना है कि घटनास्थल से दर्जनों मीटर दूर तक मलबा और छर्रे उड़े हैं। इसमें कम से कम 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें 4 साल का मोहम्मद अब्देल सलाम ताहा भी शामिल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़े -गाजा कैपिटल आईपीआई नकारात्मक कैश फ्लो, कैरिड इंटरेस्ट पर निर्भरता और प्रमोटर का नाम डिफॉल्ट लिस्ट में शामिल होना जैसे बड़े रिस्क
विस्थापित फिलिस्तीनी अबू अहमद ने बताया कि यह युद्धविराम जैसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि हम ऐसा समाधान चाहते हैं, जिसकी वजह से हम शांति से रह सकें। इसके अलावा स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान दूसरा हवाई हमला नुसेइरात शरणार्थी शिविर पर हुआ है। सीजफायर के बाद इजरायल ने यह हमला किया है। पिछले साल अक्टूबर में अमेरिका समर्थित युद्धविराम ने बड़ी तबाही को रोक दिया था।
हमास के वरिष्ठ लीडर की मौत का दावा
इजरायली सेना ने शनिवार देर रात एक बयान जारी किया था, जिसमें उसने कहा कि देर अल-बलाह शहर में हमास के एक वरिष्ठ सशस्त्र सदस्य शरीफ अल हसनत को मार गिराया गया है। वह हमास में भूमिगत बुनियादी ढांचे को बहाल करने के प्रयासों को लीड कर रहा था। सेना ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह सीजफायर का उल्लंघन कर रहा था।
Created On :   24 Aug 2026 12:04 AM IST













