Gaza-Israel Tension: बच्चों की पतंग बनी इजरायल के लिए चिंता, हमास कमांडरों को निशाना बनाने की दी धमकी

बच्चों की पतंग बनी इजरायल के लिए चिंता, हमास कमांडरों को निशाना बनाने की दी धमकी
गाजा में उड़ाई जा रही पतंगों को लेकर इजरायल ने सख्त रुख अपनाया है। इजरायली सरकार ने हमास को पतंग उड़ाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए तीन दिन की डेडलाइन दी है।

डिजिटल डेस्क, यरूशलम। गाजा में उड़ाई जा रही पतंगों को लेकर इजरायल ने सख्त रुख अपनाया है। इजरायली सरकार ने हमास को पतंग उड़ाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए तीन दिन की डेडलाइन दी है। इजरायल ने चेतावनी दी है कि अगर इस अवधि के बाद भी गाजा से पतंगें उड़ाई गईं, तो वह बड़ी हवाई कार्रवाई कर सकता है।

इजरायली सेना ने की पतंगों की जांच

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में गाजा से उड़ाई गई कुछ पतंगें इजरायल के नाहल ओज किबुत्ज क्षेत्र में गिरी थीं। यह इलाका गाजा सीमा के नजदीक स्थित है।

इजरायली सैन्य सूत्रों के मुताबिक, इन पतंगों को फिलिस्तीनी बच्चे उड़ा रहे थे। घटना के बाद सेना ने इनकी जांच की। जांच के दौरान किसी भी तरह का संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ। सैन्य अधिकारियों का मानना है कि इन पतंगों से तत्काल जनता के लिए कोई खतरा नहीं था।

हालांकि, स्थानीय लोगों ने इन घटनाओं को मामूली मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जा सकती।

इजरायली रक्षा मंत्री ने दी सख्त चेतावनी

इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में गाजा से आने वाली पतंगों को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

रक्षा मंत्री काट्ज ने सेना को इस मामले में कड़ा जवाब देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गाजा से उड़ाई जाने वाली पतंगों को ड्रोन की तरह माना जाएगा, चाहे उनमें विस्फोटक हों या नहीं।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर गाजा से पतंगें उड़ाना जारी रहा, तो हमास के कमांडरों को भी निशाना बनाया जा सकता है।

गाजा ने इजरायल के बयान पर जताई आपत्ति

इजरायल की चेतावनी पर हमास ने भी प्रतिक्रिया दी है। संगठन के प्रवक्ता हाजेम कासिम ने आरोप लगाया कि इजरायल बच्चों की पतंगों को बहाना बनाकर गाजा पर हमले करने की तैयारी कर रहा है।

उन्होंने अमेरिका, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और मध्यस्थ देशों से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।

गाजा में पतंगें आजादी और उम्मीद का प्रतीक

गाजा में पतंगें सिर्फ बच्चों के मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि लंबे समय से इन्हें फिलिस्तीनियों के लिए आजादी और उम्मीद के प्रतीक के तौर पर भी देखा जाता है।

साल 2010 में गाजा के समुद्र तट पर हजारों बच्चों ने एक साथ पतंग उड़ाई थी। इस आयोजन में 6,302 पतंगें उड़ाई गई थीं, जिसे उस समय विश्व रिकॉर्ड के तौर पर दर्ज किया गया था।

Created On :   24 Aug 2026 4:44 PM IST

Tags

Next Story