मिडिल ईस्ट में शांति की कोशिश!: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच पाकिस्तान एक्टिव, नकवी-असीम मुनीर ने ईरानी राष्ट्रपति से की मुलाकात

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच पाकिस्तान एक्टिव, नकवी-असीम मुनीर ने ईरानी राष्ट्रपति से की मुलाकात
अमेरिका और ईरान के बीच लगातार जंग जारी है। इस संघर्ष को रोकने के लिए पाकिस्तान ने एक बार फिर बड़ी कूटनीतिक पहल शुरू की है।

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। अमेरिका और ईरान के बीच लगातार जंग जारी है। इस संघर्ष को रोकने के लिए पाकिस्तान ने एक बार फिर बड़ी कूटनीतिक पहल शुरू की है। इसके तहत पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी और सेना प्रमुख असीम मुनीर ईरान के दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान उनकी मुलाकात ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से हुई। इसके बाद पाकिस्तानी गृह मंत्री ने बताया कि दोनों देश पहले से मौजूद एक समझौता ज्ञापन (MoU) को बहाल करने के लिए व्यापक चर्चा कर रहे हैं।

बैठक का मुख्य फोकस

मोहसिन नकवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ ईरानी राष्ट्रपति से मुलाकात की। उन्होंने इस बैठक को बेहद सकारात्मक और सार्थक बताया। उनका कहना है कि बातचीत का मुख्य फोकस अमेरिका-ईरान संघर्ष, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और आगे की रणनीति पर रहा।

किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

पाकिस्तानी गृह मंत्री के मुताबिक, बातचीत के दौरान पहले हुए इस्लामाबाद MoU को दोबारा बहाल करने के तरीके पर चर्चा हुई। उनका मानना है कि इसकी बहाली अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

बैठक के दौरान ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियान ने अपनी सरकार का नजरिया और चिंताएं खुलकर सामने रखीं। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा हुई। साथ ही कई अहम पहलुओं पर प्रगति भी दर्ज की गई।

पाकिस्तान को उम्मीद

मोहसिन नकवी ने बैठक को बेहद सकारात्मक माहौल में संपन्न बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस चर्चा से बनी गति को आगे भी कायम रखा जाएगा। इससे मिडिल ईस्ट में स्थायी शांति का रास्ता खुल सकता है।

पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के लिए पाकिस्तान लंबे समय से खुद को संभावित मध्यस्थ के तौर पर पेश करता रहा है।

Created On :   25 Aug 2026 1:08 PM IST

Tags

Next Story