Saudi Arabia Attack: हमले में भारतीय की मौत पर विदेश मंत्रालय का सख्त रुख, मृतक की मौत पर जताया कड़ा विरोध

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सऊदी अरब में लगातार हवाई अड्डों को निशाना बनाया जा रहा है। हाल ही में सऊदी के दम्माम हवाई अड्डे और शायबाह तेल क्षेत्र पर हमला हुआ है। भारत ने इन हमलों की निंदा की है। इसके अलावा, दम्माम में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि शायबाह में एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है। हमलों और हताहतों को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आम नागरिकों और जरूरी बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों को स्वीकार नहीं किया जा सकता है। साथ ही, इन्हें रोकने की अपील की गई है।
आम लोग और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला
मंत्रालय के बयान के मुताबिक, सऊदी अरब में हुए हमलों पर कहा गया, "हम सऊदी अरब में आम नागरिकों और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। इनमें 21 अक्टूबर को दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले भी शामिल हैं। दुर्भाग्य से, इन हमलों में आम नागरिकों की जान गई है और कई लोग घायल हुए हैं।"
सऊदी सरकार का समर्थन
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया, "हम सऊदी अरब के लोगों और वहां की सरकार के साथ खड़े हैं, ताकि वे अपनी संप्रभुता की रक्षा कर सकें। हमें उम्मीद है कि इस क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।"
यह भी पढ़े -सऊदी अरब में हो रहे लगातार हूती हमलों के बीच भारत की एंट्री! भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर अपनाया सख्त रुख
मंत्रालय की ओर से आगे बताया गया, "दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में दुर्भाग्य से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक और भारतीय नागरिक घायल हुआ है। हम पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। रियाद में भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान करेगा।"
कई बार हो चुके हैं हमले
सऊदी अरब में पिछले कुछ दिनों में हूती कई बड़े हमलों को अंजाम दे चुके हैं। हालांकि, देश की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) ने फिलहाल यह साफ नहीं किया है कि इन ताजा हमलों को किसने अंजाम दिया है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि इनके पीछे हूती का हाथ हो सकता है।
Created On :   22 Oct 2026 4:29 PM IST














