पाकिस्तान: चुनावी रैलियों में भारत के खिलाफ जहर उगल रहा हाफिज सईद

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। मुंबई हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद अब राजनीति में अपनी पैठ बनाने में जुटा हुआ है, लेकिन इस दौरान भी वह भारत के खिलाफ जहर उगल रहा है। पाकिस्तान में होने वाले चुनाव के मद्देनजर हाफिज सईद नेता बनकर जगह-जगह रैलियां कर रहा है। एक रैली के दौरान हाफिज सईद ने भारत पर परमाणु बम हमले तक की धमकी दे डाली।
शुक्रवार को फैसलाबाद में एक चुनावी रैली मे हाफिज सईद ने कहा, पाकिस्तान को तोड़ने की साजिश रची जा रही है। बलूचिस्तान के बारे में अमेरिका से लेकर भारत तक गलत खबरें फैला कर बलूचिस्तान के लोगों को भड़काया जा रहा है और बलूचिस्तान को बांग्लादेश की तर्ज पर पाकिस्तान से तोड़ने की कोशिश की जा रही है।
पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
इतना ही नहीं अपनी रैली में आतंकी हाफिज ने पाकिस्तान के परमाणु बम और मिसाइलों को लेकर जमकर झूठ बोला। उसने कहा पाकिस्तान के पास ऐसी तकनीक हैं जिससे भारत ही नहीं बल्कि अमेरिका और रूस तक पाकिस्तान के सामने घुटने टेक दें। उन्होंने यह तक कह डाला कि भारत के साथ-साथ इजराइल और हर देश पाकिस्तानी मिसाइल के निशाने पर हैं, लेकिन कोई भी पता नहीं लगा सकता कि ये मिसाइलें कहां हैं। उसने कहा कश्मीर भारत के हाथ से निकलता जा रहा है। पीएम मोदी को भी निशाने पर लेते हुए कहा मोदी के लिए खतरा ना हो तो फिर बात ही क्या है।
25 जुलाई को पाकिस्तान में होंगे चुनाव
गौरतलब है कि पाकिस्तान में 25 जुलाई को चुनाव होने हैं। इस चुनाव में हाफिज सईज ने मिल्ली मुस्लिम लीग (MML) के चुनाव आयोग में पंजीकृत नहीं होने के कारण एक अन्य पार्टी "अल्लाह-ओ-अकबर तहरीक" (AAT) से अपने उम्मीदवार उतारे हैं। AAT से MML के 265 उम्मीदवार संसदीय और प्रांतीय चुनाव लड़ रहे हैं। इन प्रत्याशियों में 13 महिलाएं हैं। हाफिज सईद का बेटा और दामाद भी चुनावी मैदान पर हैं।
अमेरिका ने घोषित कर रखा है 1 करोड़ डॉलर का इनाम
वहीं आतंकी गतिविधियों के चलते जमात-उद-दावा प्रमुख सईद पर अमेरिका ने एक करोड़ डॉलर यानी करीब 68 करोड़ रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। जमात-उद-दावा को 2014 में आतंकी संगठन घोषित किया गया था।
Created On :   7 July 2018 9:12 AM IST