जिहादी हमला: बुर्किना फासो में एक जिहादी संगठन ने सैन्य अड्डों और जिबो शहर सहित कई स्थानों पर किया हमला, 100 से ज्यादा लोगों की मौत

- जिहादी संगठन जेएनआईएम ने हमले की जिम्मेदारी ली
- सैन्य जुंटा के हाथ में बुर्किना फासो की कमान
- हमले से पहले लड़ाकों ने जिबो की सभी प्रवेश चौकियों पर कब्जा किया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरी बुर्किना फासो में एक जिहादी संगठन ने कई स्थानों पर हमला किया, जिसमें सौ से अधिक लोगों की मौत हो गई है। जिहादी संगठन ने ये हमले कई सैन्य अड्डों और जिबो शहर सहित कई स्थानों पर किए। मरने वालों में ज्यादातर सैनिक थे। एक सहायता कर्मी और स्थानीय लोगों ने हमले की जानकारी दी। अल-कायदा से जुड़े जिहादी संगठन जमात नस्र अल-इस्लाम वाल-मुस्लिमीन ने हमले की जिम्मेदारी ली, जिसे जेएनआईएम के नाम से भी जाना जाता है। ये संगठन साहेल इलाके में सक्रिय है।
सुरक्षा के डर से नाम न बताने की शर्त पर बुर्किना फासो के सबसे प्रभावित इलाकों में काम करने वाले एक सहायता कर्मी ने हमले की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार तड़के सैन्य अड्डे और जिबो शहर सहित कई स्थानों पर हमला हुआ। एक छात्रा ने उसको बताया कि इस हमले में उसके पिता की भी मौत हो गई।
खबरों से मिली जानकारी के अनुसार सहायता कर्मी ने बताया कि जेएनआईएम के लड़ाकों ने बुर्किना फासो की वायु सेना को तितर-बितर करने के लिए एक साथ आठ जगहों पर हमला किया। सबसे बड़ा हमला जिबो में हुआ, जहां जेएनआईएम के लड़ाकों ने सैन्य शिविरों और आतंकवाद निरोधी इकाई के शिविर पर अटैक किया। इससे पहले लड़ाकों ने शहर की सभी प्रवेश चौकियों पर कब्जा कर लिया।
आपको बता दें 23 मिलियन आबादी वाला देश बुर्किना फासो अब सैन्य जुंटा द्वारा संचालित है। यह देश अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में आता है, जो आतंकवाद और हिंसा से सबसे बुरी तरह से प्रभावित है। 2022 में दो बार तख्तापलट की वजह भी हिंसा ही थी, तख्तापलट और हिंसाओं से बुर्किना फासो का लगभग आधा हिस्सा सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुका है। सुरक्षा बलों पर भी कानून से बाहर हत्याओं के आरोप लगे हैं।
Created On :   13 May 2025 8:42 AM IST