जापान चुनाव: निचले सदन के लिए आज हो रहा है मतदान,चुनाव से तय होगा सनाए ताकाइची का सियासी भविष्य

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जापान में आज रविवार को निचली सदन के लिए वोटिंग हो रही है। आज होने वाले मतदान को प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के लिए जनमत संग्रह के तौर पर देखा जा रहा है, इस चुनाव से ताकाइची का सियासी फ्यूचर तय होगा। चुनाव में मजदूरी में बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई एक प्रमुख मुद्दा है। आम जनता महंगाई से परेशान है। जापान में रोजमर्रा की खाने-पीने की चीजें काफी महंगी हो गई हैं। मिली जानकारी के मुताबिक चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी और विपक्षी समूह के बीच है।
आपको बता दें ताकाइची ने पिछले साल के अक्टूबर माह में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। कई सर्वेक्षणों में ये सामने आया है कि विपक्ष के अधिक बिखराव होने से विपक्ष पीएम ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी को सही से चुनौती नहीं दे पा रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि निचले सदन में ताकाइची की पार्टी को बढ़त मिल सकती है।
पीएम ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी और जापान इनोवेशन पार्टी का गठबंधन अगर 310 सीटें जीतने में कामयाब होता है तो वह विपक्ष के नियंत्रण वाले संसद के ऊपरी सदन में बहुमत प्राप्त कर लेगा। आज हो रहे चुनाव में ताकाइची ने बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में प्रधानमंत्री पद छोड़ने का वादा किया है।
एक सप्ताह पहले तक करीब 46 लाख लोगों ने प्रारंभिक वोट किया था, जो 2024 के पिछले चुनाव की तुलना में 2.5 प्रतिशत कम है। वोटिंग में गिरावट का कारण उत्तरी और पश्चिमी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होना बताया गया है। वोटर्स 289 एकल-सीट निर्वाचन क्षेत्रों में सांसदों का चुनाव करेंगे, बाकी सीटों का निर्णय पार्टियों के लिए आनुपातिक प्रतिनिधित्व मतदान से होगा।
Created On :   8 Feb 2026 1:58 PM IST












