उड़ानों पर लगा ब्रेक: सऊदी अरब में हमलों से हवाई सफर पर संकट, रियाद-दम्माम की उड़ानें 7 नवंबर तक बंद, एयर इंडिया का बड़ा ऐलान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सऊदी अरब में बिगड़ते हालात का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ रहा है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कुछ शहरों के लिए अपनी उड़ानें बंद रखने का फैसला किया है। भारतीय दूतावास के मुताबिक, रियाद और दम्माम आने-जाने वाली फ्लाइट 7 नवंबर तक नहीं चलेंगी। वहीं, जेद्दा की उड़ानें 31 अक्टूबर तक बंद रहेंगी। इस फैसले से वहां जाने और भारत लौटने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। दूसरी ओर, भारत सरकार सऊदी अरब में फंसे लोगों की वापसी के लिए काम कर रही है। अब तक हजारों उमराह यात्री भारत लौट चुके हैं और बाकी लोगों को वापस लाने की कोशिश जारी है।
यह भी पढ़े -अमेरिका पर पलने वाला पैरासाइट है इजरायल- मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ईरानी विदेश मंत्री का बड़ा जुबानी हमला
रियाद-दम्माम की फ्लाइट 7 नवंबर तक बंद
भारतीय दूतावास ने बताया कि रियाद और दम्माम के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 7 नवंबर तक बंद रहेंगी। जेद्दा जाने वाली और वहां से आने वाली फ्लाइट 31 अक्टूबर तक नहीं चलेंगी। सऊदी अरब के हवाई अड्डों और दूसरी जरूरी जगहों पर हुए हमलों के बाद यह कदम उठाया गया है। यात्रियों को सफर से पहले अपनी फ्लाइट की ताजा जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
13 हजार से ज्यादा उमराह यात्री भारत लौटे
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में करीब 3,000 फंसे हुए उमराह यात्री भारत लौट आए हैं। इसके अलावा 10,000 से ज्यादा अन्य उमराह यात्री भी वापस आ चुके हैं। सरकार बाकी लोगों की वापसी के लिए एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों से बात कर रही है। रियाद और जेद्दा में भारतीयों की मदद के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी चल रहे हैं। दूतावास के अधिकारी लोगों के संपर्क में हैं और उन्हें जरूरी जानकारी दे रहे हैं।
सऊदी अरब में हमलों से भारतीयों को भी नुकसान
आपको बता दें कि, हाल ही में सऊदी अरब में हवाई अड्डों और तेल से जुड़े ठिकानों पर हमले हुए हैं। वहीं, भारत ने इन हमलों की निंदा की है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए। वहीं, शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में भी एक भारतीय को चोट आई। भारत ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही वहां हालात सुधरेंगे और शांति लौटेगी।
यह भी पढ़े -हत्या, फिरौती, गोलीबारी के आरोप.... अमेरिका में दबोचा गया भारत का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ, भारत लाने की तैयारी!
Created On :  
