FBI का बड़ा एक्शन: हत्या, फिरौती, गोलीबारी के आरोप.... अमेरिका में दबोचा गया भारत का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ, भारत लाने की तैयारी!

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने उसे दबोचा है। जानकारी के मुताबिक, भारत में उस पर हत्या, फिरौती मांगने, अपहरण और गोलीबारी जैसे कई गंभीर आरोप हैं। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में उसके गैंग का नाम कई मामलों में सामने आया है। पहले उसके पुर्तगाल में छिपे होने की खबर आई थी। अब गिरफ्तारी के बाद भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने की कोशिश कर सकती हैं।
यह भी पढ़े -जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ ने रचा इतिहास, 1 करोड़ से ज्यादा आवेदन पाने वाला पहला IPO, आज शाम 7 बजे तक बोली लगाने का मौका
17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में रखा कदम
आपको बता दें कि, हिमांशु भाऊ हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव का रहने वाला है। उसे हिमांशु रिटोली के नाम से भी जाना जाता है। बताया जाता है कि उसने महज 17 साल की उम्र में अपराध करना शुरू कर दिया था। उसके खिलाफ हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में कई मामले दर्ज हुए। साल 2022 में हरियाणा में 24 घंटे के अंदर हुई तीन हत्याओं के मामले में उसका नाम सामने आया था। एल्विश यादव के घर के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने की बात भी उससे जुड़ी खबरों में कही गई थी।
बाल सुधार गृह से भागने के बाद विदेश पहुंचा
रिपोर्ट के मुताबिक, हिमांशु भाऊ बाल सुधार गृह से फरार हो गया था। उसके साथ करीब 20 अन्य नाबालिग भी भागे थे। बाद में वह भारत छोड़कर पुर्तगाल पहुंच गया। इसके बाद उसके अमेरिका में रहने और वहीं से गैंग चलाने की खबरें सामने आईं। साल 2023 में उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), दिल्ली पुलिस और हरियाणा की STF भी उसकी तलाश कर रही थीं। अब अमेरिका में गिरफ्तारी के बाद भारतीय एजेंसियों की नजर उसे वापस लाने की प्रक्रिया पर है।
यह भी पढ़े -पाकिस्तान के बलूचिस्तान में महसूस किए गए भूकंप के झटके, भारत तक दिखा असर, घरों से भागे लोग, कितनी रही तीव्रता?
कई गैंग से जुड़ा नाम, पुराने मामलों में भी आरोपी
हिमांशु भाऊ का नाम नीरज बवाना और बंबीहा गैंग से जुड़ने के मामलों में सामने आया है। वहीं, लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के गैंग से उसकी दुश्मनी की बात भी सामने आती रही है। खबरों के मुताबिक, साल 2019 में रिटोली गांव से जुड़े एक मामले में उसका नाम आया था। इसके बाद उस पर एक यूनियन प्रधान संजय पुनिया से फिरौती मांगने का केस दर्ज हुआ। जमानत पर बाहर आने के बाद 2020 में गोलीबारी के मामले में भी उसका नाम आया। उसी साल अक्टूबर में वह हिसार की बोस्टल जेल से फरार हो गया। साल 2021 में घर में घुसकर गोली चलाने और 2022 में हंसराज की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
Created On :  
