पाकिस्तान में 'इबादत में दहशत': खैबर पख्तूनख्वा में जुमे की नमाज में हुआ सुसाइड ब्लास्ट, 15 लोगों की मौत, 50 घायल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से बड़ी खबर सामने आ रही है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले के पुलिस लाइंस क्षेत्र में शुक्रवार को एक भयानक ब्लास्ट हुआ। यह धमाका सुसाइड ब्लास्ट था। इस दौरान कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, यह धमाका पुलिस लाइंस इलाके में स्थित एक मस्जिद के पास जुमे की नमाज के वक्त हुआ।
खैबर पख्तूनख्वा में हुआ सुसाइड ब्लास्ट
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जिला मुख्यालय (DHQ) अस्पताल के मेडिकल सुप्रीटेंडेंट (MS) ताहिर अली शाह ने जुमे के नमाज के दौरान हुए सुसाइड ब्लास्ट घटना पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि धमाके के बाद 15 लोगों के शवों को और 50 से ज्यादा घायल लोगों को अस्पताल में लाया गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाए जाने के बाद कोहाट स्थित DHQ अस्पताल के प्रशासन ने इमरजेंसी घोषित कर दी।
वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि यह भयानक विस्फोट जुमे की नमाज के दौरान हुआ और मस्जिद के बाहर की जमीन में एक बड़ा गड्ढा बन गया। पुलिस ने कहा कि धमाके से घायल हुए लोगों में 2 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। जबकि विस्फोट के बाद पुलिस लाइंस इलाके में और ज्यादा संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है।
घटनास्थल पर एंबुलेंस, सुरक्षा बल, इमरजेंसी टीमें तैनात
रिपोर्ट के मुताबिक, सुसाइड ब्लास्ट के बाद घटनास्थल पर कई एंबुलेंस, सुरक्षा बल समेत इमरजेंसी टीमों को तैनात किया गया। वहीं, रेस्क्यू टीम के अधिकारी ने कहा कि विस्फोट से मस्जिद का बाहरी हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, एक दीवार भी ढह गई। इसके अलावा, यह विस्फोट इतना जोरदार था कि मस्जिद के आसपास की कई इमारतें चपेट में आ गई है।
अधिकारियों ने कहा कि घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही, विस्फोट से हुए नुकसान के आकलन के साथ इस धमाके के पीछे से असली कारण का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। इस बीच, प्रशासन ने कोहाट-हंगू रोड पर किसी तरह की गाड़ियों को आने-जाने पर रोक लगा दी है।
Created On :   18 Sept 2026 3:51 PM IST












