Iran-America Tension: तेल की पाइपलाइन पर मंडरा रहा खतरा! अराघची के रूस पहुंचते ही भड़के ट्रंप, दे डाली सख्त चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं और हाल की घटनाओं ने इस तनाव को और बढ़ा दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कड़े बयान और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची की रूस यात्रा ने स्थिति को और नाजुक बना दिया है। इस बीच तेल निर्यात, होर्मुज और कूटनीतिक प्रयासों को लेकर भी बयानबाजी तेज हो गई है।
ट्रंप की सख्त चेतावनी
डोनाल्ड ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि अगर तीन दिन में समझौता नहीं हुआ तो ईरान को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। उन्होंने तेल पाइपलाइन को लेकर बड़ी चेतावनी दी। ट्रंप का कहना है कि ईरान का तेल निर्यात पूरी तरह रुक सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अब बातचीत लंबी नहीं चलेगी और सीधे फोन पर बात होगी।
ईरान का कूटनीतिक दौरा
अब्बास अराघची लगातार अलग-अलग देशों का दौरा कर रहे हैं। ओमान और पाकिस्तान के बाद वह अब रूस पहुंचे हैं। यहां उनकी मुलाकात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हो सकती है। बताया जा रहा है कि ईरान ने अमेरिका को संदेश भी भेजे हैं जिनमें परमाणु मुद्दे और होर्मुज जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं।
ईरान का नया प्रस्ताव
न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने कहा है कि वह होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोल सकता है। इसके साथ ही सीजफायर बढ़ाने और युद्ध खत्म करने की भी बात कही गई है। अगर ऐसा होता है तो दुनिया में तेल की सप्लाई बेहतर हो सकती है। बताया जा रहा है कि ईरान चाहता है कि अभी परमाणु मुद्दे पर बात न हो। उसका कहना है कि पहले समुद्री रास्ता खोला जाए और सभी आर्थिक पाबंदियां हटाई जाएं उसके बाद ही आगे की बातचीत शुरू होगी।
Created On :   27 April 2026 2:00 PM IST












