Lashkar Terrorist Killed: 26/11 हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का करीबी आतंकी बना 'धुरंधर' का निशाना, इस साल अब तक 30 दहशतगर्द ढेर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी की हत्या कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देश के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने उस पर कई राउंड गोलियां दागी, जिसमें वो भाग नहीं सका और मारा गया। अफरीदी 26/11 हमले का मास्टर माइंड लश्कर चीफ हाफिज सईद का करीबी था। पाकिस्तान की जांच एजेंसियां उसकी हत्या को सोची-समझी साजिश बता रही हैं।
एक के बाद के ढेर हो रहे दहशतगर्द
बीते दो सालों में पाकिस्तान में कई मोस्ट वांटेड आतंकियों की हत्या हुई है। अफरीदी की हत्या भी उसी कड़ी का हिस्सा है। पिछले महीने लाहौर में एक टीवी स्टेशन के बाहर अज्ञात बंदूकधारी ने लश्कर के संस्थापक सदस्य आतंकी आमिर हमजा को निशाना बनाया था, जिसमें वो बुरी तरह घायल हो गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इससे पहले जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर के बड़े भाई मुहम्मद ताहिर अनवर की भी पाकिस्तान में संदिग्ध हालत में हत्या हुई थी।
यह भी पढ़े -फर्जी सर्टिफिकेट बनाकर 14 साल तक भारत में रहा पाकिस्तानी आतंकी, पूर्व डीजीपी ने उठाए सवाल
धुरंधर स्टाइल में किया ढेर
साल 2023 के बाद से लेकर अभी तक एक के बाद एक कई आतंकियों की अज्ञात बंदूकधारियों ने हत्या की है। इस साल 7 मोस्ट वांटेड आतंकी ऐसे ही हमलों में ढेर हुए थे। इसके अलावा साल 2026 के पहले चार महीनों में लश्कर-ए-तैयबा और हिज्बुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों से जुड़े कम से कम 30 आतंकवादियों को लाहौर, कराची और अन्य शहरों में अज्ञात बंदूकधारियों ने निशाना बनाया है।
यह भी पढ़े -लश्कर-ए-तैयबा के फाउंडर मेंबर अमीर हमजा पर लाहौर में हमला, अज्ञात हमलावर ने मारी गोली, हाफिज सईद का था करीबी
लश्कर को लगा बड़ा झटका
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके का रहने वाला शेख यूसुफ अफरीदी पश्तूनों की एक शाखा अफरीदी का हिस्सा था। वह इस्लाम में सबसे कट्टर कही जाने वाली अहले-हदीस (सलाफी) विचारधारा को मानने वाला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक लश्कर कमांडर हाफिज सईद के बेहद करीबी अफरीदी की भारत में होने वाले आतंकी हमलों की प्लानिंग करने में अहम भूमिका होती थी। वह पाकिस्तान में जिहाद के नाम पर युवाओं को भड़काता था और उन्हें भारत में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए भेजता था।
अफरीदी की हत्या लश्कर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि इससे संगठन का नेटवर्क कमजोर होगा। वह स्थानीय मदरसों, मस्जिदों और कबीलाई नेटवर्क के जरिए लश्कर को मजबूत करने में लगा हुआ था।
Created On :   27 April 2026 4:06 PM IST













