एक मिनट में दो बार कांपी धरती: सड़कें-इमारतें ढहीं-एयरपोर्ट को भारी नुकसान... वेनेजुएला में 100 साल का सबसे बड़ा भूकंप, 10 हजार से ज्यादा मौतों की आशंका

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वेनेजुएला में एक मिनट के अंदर दो बहुत तेज भूकंप आए जिससे कई शहरों में भारी नुकसान हुआ। सैकड़ों इमारतें गिर गईं और एयरपोर्ट को भी नुकसान पहुंचा है। राजधानी काराकस समेत कई इलाकों में लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में तबाही का बड़ा मंजर दिखाई दे रहा है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने शुरुआती अनुमान में कहा है कि इस आपदा में 10 हजार से लेकर 1 लाख तक लोगों की जान जा सकती है। हालांकि, अभी तक सरकार ने मौत और घायलों का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है। कहा जा रहा है कि यह पिछले 100 साल में वेनेजुएला में आए सबसे ताकतवर भूकंपों में से एक है।
यह भी पढ़े -ईरान पर ट्रंप के एक्शन के समर्थन में उतरे नाटो प्रमुख, बोले- दुनिया की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे अमेरिकी राष्ट्रपति
A 7.1-magnitude earthquake destroyed an apartment building in Caracas, Venezuela. The number of casualties remains unknown. pic.twitter.com/ICbOYP1e7g
— Breaking911 (@Breaking911) June 24, 2026
यह भी पढ़े -आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 5 कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी से की मुलाकात, बीजेपी -आप पर साधा निशाना
कितनी तीव्रता का भूकंप आया?
यूएसजीएस के अनुसार, पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था। इसका केंद्र कैरिबियाई तट के पास मोरोन इलाके के पश्चिम में और जमीन से 13 किलोमीटर नीचे था। इसके करीब एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया जिसका केंद्र मोरोन से दक्षिण-पश्चिम की ओर था और इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। इतनी कम गहराई पर आए भूकंप के कारण झटके बहुत तेज महसूस हुए और कई इमारतें गिर गईं। विशेषज्ञों ने आगे भी आफ्टरशॉक आने की चेतावनी दी है।
देश में इमरजेंसी लागू, बचाव काम जारी
भूकंप के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में इमरजेंसी लागू कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर रख रही है और जल्द लोगों को पूरी जानकारी दी जाएगी। वहीं, विपक्षी नेता एडमंडो गोंजालेज ने कहा कि कई इमारतें ढह गई हैं और लोगों में डर का माहौल है। बचाव दल मलबा हटाकर लोगों को निकालने में जुटे हैं।
वेनेजुएला में क्यों आते हैं इतने भूकंप?
वेनेजुएला ऐसे इलाके में है जहां कैरिबियन प्लेट और दक्षिण अमेरिकी प्लेट आपस में मिलती हैं। इसी वजह से यहां भूकंप आने का खतरा हमेशा बना रहता है। यूएसजीएस के अनुसार, साल 1812 में भी यहां आए बड़े भूकंप में करीब 30 हजार लोगों की जान ले ली थी। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार भी आगे कुछ और झटके महसूस हो सकते हैं।
Created On :   25 Jun 2026 9:38 AM IST












