Share Market Closing Bell: सेंसेक्स में 251 अंकों की गिरावट, निफ्टी 24050 के नीचे बंद हुआ

सेंसेक्स में 251 अंकों की गिरावट, निफ्टी 24050 के नीचे बंद हुआ
आज सेंसेक्स 251.61 अंक गिरकर 77,017.79 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 86.50 अंक गिरकर 24,032.80 के स्तर पर बंद हुआ।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन (05 मई 2026, मंगलवार) गिरावट के साथ बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही लाल निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 251.61 अंक यानि कि 0.33 प्रतिशत गिरकर 77,017.79 के स्तर पर बंद हुआ।

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 86.50 अंक यानि कि 0.36 प्रतिशत गिरकर 24,032.80 के स्तर पर बंद हुआ।

कारोबार के अंत में करीब 1890 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 2110 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 169 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, आईसीआईसीआई बैंक, कोल इंडिया, टेक महिंद्रा और इटरनल के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले इंडिया, बजाज फिनसर्व और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

वहीं सेंसेक्स की 30 में से 18 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें आईसीआईसीआई बैंक, इटरनल, टेक महिन्द्रा, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, एलएंडटी और मारुति के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर 12 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें एमएंडएम, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, हिन्दुस्तान यूनिलिवर और टाइटन के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

बात करें भारतीय रुपया की तो, मंगलवार को इसमें बीते बंद के मुकाबले 21 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 95.29 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 95.33 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, ए​क दिन पहले सोमवार की सुबह रुपया 94.95 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 95.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

आपको बता दें कि, सुबह बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 320.20 अंक यानि कि 0.41 प्रतिशत गिरकर 76,949.20 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 98.30 अंक यानि कि 0.41 प्रतिशत गिरकर 24,021.00 के स्तर पर खुला था।

जबकि, बीते कारोबारी दिन (04 मई 2026, सोमवार) बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी और शाम को यह बढ़त के साथ ही बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 355.90 अंक की बढ़त के साथ 77,269.40 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 180.95 अंक की बढ़त के साथ 24,178.50 के स्तर पर बंद हुआ था।

Created On :   5 May 2026 3:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story