Share Market Closing Bell: सेंसेक्स में 982 अंकों की गिरावट, निफ्टी 23900 के नीचे बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के पांचवें और आखिरी दिन (24 अप्रैल 2026, शुक्रवार) गिरावट के साथ बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही लाल निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 982.71 अंक यानि कि 1.27 प्रतिशत गिरकर 76,681.29 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 275.10 अंक यानि कि 1.14 प्रतिशत गिरकर 23,897.95 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 1242 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 2795 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 152 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में इंफोसिस, एचसीएल टेक, टीसीएस, टेक महिंद्रा और सन फार्मा के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर हिंडाल्को, कोल इंडिया, नेस्ले, एसबीआई और ट्रेंट के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टीसीएस, टेक महिन्द्रा, सनफार्मा, एशियन पेंट, आईसीआईसीआई बैंक और हिन्दुस्तान यूनिलिवर के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर 5 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें ट्रेंट, बजाज फाइनेंस और एसबीआई के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो इसमें बीते बंद के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 94.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 94.21 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले गुरुवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.11 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह देश का शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला था। इस दौरान सेंसेक्स 180.20 अंक यानि कि 0.23 प्रतिशत गिरकर 77,664 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 72.5 अंक गिरकर 24,100.55 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 852.49 अंक यानि कि 1.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,664 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 205.05 अंक यानि कि 0.84 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,173.05 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   24 April 2026 3:35 PM IST












