Share Market Closing Bell: सेंसेक्स में 26 अंक की मामूली बढ़त, निफ्टी 24360 के पार बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के पहले दिन (20 अप्रैल 2026, सोमवार) मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 26.76 अंक यानि कि 0.03 प्रतिशत बढ़कर 78,520.30 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 11.30 अंक यानि कि 0.05 प्रतिशत गिरकर 24,364.85 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 1733 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 2471 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 175 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में जियो फाइनेंशियल, हिंडाल्को, एचडीएफसी लाइफ, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर ट्रेंट, एसबीआई, जेएसडब्ल्यू स्टील, एशियन पेंट्स और ग्रासिम इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 18 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें एलएंडटी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, एचसीएल टेक, कोटक बैंक, टेकक महिन्द्रा, टाइटन, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर 12 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें ट्रेंट, एसबीआई, एशियन पेंट, एनटीपीसी और बजाज फानेंस के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो सोमवार को इसमें बीते बंद के मुकाबले 20 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 93.12 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 92.82 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, बीते शुक्रवार की सुबह रुपया 92.94 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 92.92 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 110.43 अंक यानि कि 0.14 प्रतिशत गिरकर 78,383.11 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 42.05 अंक यानि कि 0.17 प्रतिशत गिरकर 24,311.50 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते सत्र (17 अप्रैल 2026, शुक्रवार) में भारतीय शेयर बाजार सपाट स्तर पर खुला था और शाम को भी बढ़त के साथ ही बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 504.86 अंक यानि कि 0.65 प्रतिशत बढ़कर 78,493.54 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 156.80 अंक यानि कि 0.65 प्रतिशत बढ़कर 24,353.55 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   20 April 2026 3:40 PM IST












