Share Market Closing Bell: सेंसेक्स में 122 अंकों की गिरावट, निफ्टी 24200 के नीचे बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन (16 अप्रैल 2026, गुरुवार) मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 122.56 अंक यानि कि 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,988.68 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 34.55 अंक यानि कि 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,196.75 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 2688 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, वहीं 1468 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 128 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, ओएनजीसी, एचडीएफसी लाइफ, टाइटन कंपनी और अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ट्रेंट, अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट्स और इटरनल के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 16 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें एचडीएफसी बैंक, टाइटन, एमएंडएम, भारती एयरटेल, कोटक बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर 14 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें ट्रेंट, इटरनल, अडाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, इन्फोसिस और एलएंडटी के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो गुरुवार को इसमें बीते बंद के मुकाबले 18 पैसे की बढ़त देखने को मिली और यह 93.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 93.28 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले बुधवार की सुबह रुपया 93.17 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 93.37 प्रति डॉलर पर सपाट बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 565.18 अंक यानि कि 0.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,676.42 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 156.20 अंक यानि कि 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,387.50 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन (15 अप्रैल 2026, बुधवार) शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला था और शाम को भी बाजार जबरदस्त तेजी के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 1263.67 अंंक बढ़कर 78,111.24 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 388.65 अंक बढ़कर 24,231.30 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   16 April 2026 3:40 PM IST












