Share Market Opening Bell: जंग थमी तो शेयर बाजार ने भरी उड़ान, सेंसेक्स में 2500 अंकों से अधिक की तूफानी तेजी, निफ्टी 23890 के पार खुला

जंग थमी तो शेयर बाजार ने भरी उड़ान, सेंसेक्स में 2500 अंकों से अधिक की तूफानी तेजी, निफ्टी 23890 के पार खुला
आज सेंसेक्स 2,596.03 अंक बढ़कर 77,212.61 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी 767.25 अंक बढ़कर 23,890.90 के स्तर पर खुला।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के सीजफायर के ऐलान का शेयर बाजार पर जबरदस्त असर देखने को मिला है। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन (08 अप्रैल 2026, बुधवार) भारी बढ़त के साथ खुला। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 2,596.03 अंक यानि कि 3.48 प्रतिशत बढ़कर 77,212.61 के स्तर पर खुला।

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 767.25 अंक यानि कि 3.32 प्रतिशत बढ़कर 23,890.90 के स्तर पर खुला।

शुरुआती कारोबार के दौरान करीब 2534 शेयरों में तेजी देखने को मिली, वहीं 166 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 82 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, एलएंडटी, श्रीराम फाइनेंस, अडानी पोर्ट्स और अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर ONGC, कोल इंडिया और टेक महिंद्रा के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।

प्री-ओपनिंग सेशन में बेंचमार्क इंडेक्स मजबूती से कारोबार करते नजर आए। इस दौरान सेंसेक्स 2,409.68 अंक यानि कि 3.23 प्रतिशत बढ़कर 77,026.26 पर पहुंच गया, और Nifty 906.25 अंक या 3.92 प्रतिशत बढ़कर 24,029.90 पर पहुंच गया।

बात करें भारतीय रुपया की तो बुधवार की सुबह इसमें 36 पैसे की बढ़त देखने को मिली और यह 92.64 प्रति डॉलर पर खुला। जबकि, एक दिन पहले मंगलवार की सुबह रुपया 93.02 पर खुला था और शाम को यह 93 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

आपको बता दें कि, बीते कारोबारी दिन (07 अप्रैल 2026, मंगलवार) शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 694.41 अंक यानि कि 0.94 प्रतिशत गिरकर 73,412.44 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 215.25 अंक यानि कि 0.94 प्रतिशत गिरकर 22,753.00 के स्तर पर खुला था।

जबकि, शाम को बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 509.73 अंक यानि कि 0.69 प्रतिशत बढ़कर 74,616.58 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 155.40 अंक यानि कि 0.68 प्रतिशत बढ़कर 23,123.65 के स्तर पर बंद हुआ था।

Created On :   8 April 2026 9:35 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story