Share Market Closing Bell: सेंसेक्स में 756 अंकों की गिरावट, निफ्टी 24380 के नीचे बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन (22 अप्रैल 2026, बुधवार) गिरावट के साथ बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही लाल निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 756.84 अंक यानि कि 0.95 प्रतिशत गिरकर 78,516.49 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 198.50 अंक यानि कि 0.81 प्रतिशत गिरकर 24,378.10 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में निफ्टी की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टीसीएस और एमएंडएम के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, एनटीपीसी और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 19 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें एचसीएल टेक, इन्फोसिस, एमएंडएम, टीसीएस, टेक महिन्द्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और एलएंडटी के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर 11 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें हिन्दुस्तान यूनिलिवर, एनटीपीसी, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट और रिलायंस के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो बुधवार को इसमें बीते बंद के मुकाबले 30 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 93.79 पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 93.70 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले मंगलवार को रुपया 93.30 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 93.49 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 301.32 अंक यानि कि 0.38 प्रतिशत गिरकर 78,972.01 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 74.35 अंक यानि कि 0.30 प्रतिशत गिरकर 24,502.25 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन (21 अप्रैल 2026, मंगलवार) शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी और शाम को यह बढ़त के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 753.03 अंक बढ़कर 79,273.33 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 211.75 अंक बढ़कर 24,576.60 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   22 April 2026 3:40 PM IST












