Share Market Closing Bell: मजबूती के साथ बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स में 940 अंकों की तेजी, निफ्टी 24300 के पार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन (06 मई 2026, बुधवार) मजबूूती के साथ बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 940.73 अंक यानि कि 1.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,958.52 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 298.15 अंक यानि कि 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,330.95 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 2755 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 1287 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 161 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, श्रीराम फाइनेंस और एशियन पेंट्स के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर ओएनजीसी, एलएंडटी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड कॉर्प और एनटीपीसी के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 21 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें इंडिगो, ट्रेंट, एशियन पेंट, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, इटरनल और एक्सिस बैंक के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर 9 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें रिलायंस, एलएंडटी, पावरग्रिड, एनटीपीसी, एचसीएल टेक और इन्फोसिस के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो, पांच दिनों से जारी गिरावट के बाद बुधवार को इसमें 68 पैसे की बढ़त देखने को मिली और यह 94.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 95.04 प्रति डॉलर पर खुला था जबकि, एक दिन पहले मंगलवार की सुबह रुपया 95.33 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 95.29 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 585.12 अंक यानि कि 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,602.91 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 188.45 अंक यानि कि 0.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,221.25 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन (05 मई 2026, मंगलवार) बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी और शाम को यह गिरावट के साथ ही बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 251.61 अंक गिरकर 77,017.79 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 86.50 अंक गिरकर 24,032.80 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   6 May 2026 3:40 PM IST












