Share Market Closing Bell: मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स में 879 अंकों की तेजी, निफ्टी 22500 के पार

मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स में 879 अंकों की तेजी, निफ्टी 22500 के पार
आज सेंसेक्स 879.09 अंक बढ़कर 72,472.33 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 288.65 चढ़कर 22,520.45 पर बंद हुआ।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में एक दिन की भारी गिरावट के बाद रौनक लौट आई है। कारोबारी सप्ताह के पांचवें और आखिरी दिन (9 अक्टूबर 2026, शुक्रवार) प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही मजबूती के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 879.09 अंक यानी कि 1.23 प्रतिशत बढ़कर 72,472.33 के स्तर पर बंद हुआ।

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 288.65 अंक यानी कि 1.30 प्रतिशत चढ़कर 22,520.45 के स्तर पर बंद हुआ।

कारोबार के अंत में निफ्टी की कंपनियों में अपोलो हॉस्पिटल्स, आईटीसी, आयशर मोटर्स, टीसीएल और एचसीएल टेक के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर रिलायंस, जेएसडब्ल्यू स्टील और सिप्ला के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।

वहीं सेंसेक्स की 30 में से 29 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें आईटीसी, टीसीएस, अडाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और एसबीआई के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर रिलायंस का शेयर लाल निशान पर बंद हुआ।

बात करें भारतीय रुपया की तो बीते बंद के मुकाबले शुक्रवार को इसमें महज 5 पैसे की बढ़त देखने को मिली और यह 96.73 पर बंद हुआ। जबकि, एक दिन पहले गुरुवार की सुबह रुपया 96.67 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 96.78 प्रति डॉलर पर स्थिर बंद हुआ था।

आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 183.43 अंक यानी कि 0.26 प्रतिशत बढ़कर 71,776.67 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 83.15 अंक यानी कि 0.37 प्रतिशत चढ़कर 22,314.95 के स्तर पर खुला था।

जबकि, बीते कारोबारी दिन (8 अक्टूबर 2026, गुरुवार) शेयर बाजार की शुरुआत सपाट स्तर पर हुई थी और शाम को बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 1,045.46 अंकों की गिरावट के साथ 71,593.24 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 371.25 अंक यानी कि 1.64 प्रतिशत नीचे 22,231.80 के स्तर पर बंद हुआ था।

Created On :   9 Oct 2026 3:40 PM IST

Tags

Next Story