Nishikant Dubey Controversy: 'निशिकांत दुबे की बातों से खुद को मानते हैं अलग तो...', SC वाली टिप्पणी के बाद BJP ने किया किनारा तो अजय राय ने रखी बड़ी मांग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी सांसद निशिकांत दुबे ने एक बयान से सियासी हलचल तेज कर दी है। सुप्रीम कोर्ट पर विवादित टिप्पणी करने के बाद पार्टियां बीजेपी पर हमलावर हैं। हांलाकि, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह साफ कर दिया कि यह बयान निशिकांत दुबे का अपना है। जेपी नड्डा के इसी बयान पर उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी दुबे की इन बातों से खुद को अलग मानती है तो उन पर एक्शन लें।
दुबे पर करें कार्रवाई- राय
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से इतना कहना चाहूंगा कि अगर आप उनकी बातों से अपने आपको अलग मानते हैं तो उनके ऊपर कार्रवाई करें। जो लोग इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं जो सर्वोच्च न्यायालय पर टिप्पणी कर रहे हैं उनके खिलाफ तत्काल बीजेपी के अध्यक्ष को सख्त कार्रवाई करना चाहिए।
बीजेपी ने किया किनारा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा का न्यायपालिका और देश के चीफ जस्टिस पर दिए गए बयान से भारतीय जनता पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। यह उनका व्यक्तिगत बयान है, लेकिन भाजपा ऐसे बयानों से न तो कभी भी कोई इत्तेफाक रखती है और न ही कभी भी ऐसे बयानों का समर्थन करती है। भाजपा इन बयान को सिरे से खारिज करती है।
Created On :  



