Commercial Ship Attack: काला सागर में कमर्शियल जहाज पर हमला, 3 भारतीय नाविक घायल, भारत ने की निंदा

काला सागर में कमर्शियल जहाज पर हमला, 3 भारतीय नाविक घायल, भारत ने की निंदा
काला सागर (ब्लैक सी) में हुए एमवी रोयाद मम्मादेव जहाज पर हमले पर भारत की प्रतिक्रिया सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इस हमले की कड़ी निंदा की है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। काला सागर (ब्लैक सी) में हुए एमवी रोयाद मम्मादेव जहाज पर हमले पर भारत की प्रतिक्रिया सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इस हमले की कड़ी निंदा की है। इसके साथ ही रोमानिया की तारीफ की है, जिसमें कहा गया कि वहां के सुरक्षा दल ने इस व्यापारिक जहाज पर तैनात तीन भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना के बाद हुई त्वरित कार्रवाई

भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, "हम ब्लैक सी में एमवी रोयाद मम्मादोव पर हुए हमले की निंदा करते हैं, जिसमें दो विदेशी नाविक मारे गए और तीन भारतीयों समेत चालक दल के कुछ सदस्य घायल हो गए। घायलों को रोमानियाई अधिकारियों ने बचा लिया और उनका इलाज किया जा रहा है।"

उन्होंने आगे इस मामले में रोमानियाई बचाव दल का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है, "हम इस घटना में त्वरित कार्रवाई के लिए रोमानियाई अधिकारियों को धन्यवाद देते हैं।" बयान में आगे बताया गया है कि भारत इन हमलों को गंभीर मानता है।

लोगों की सुरक्षा को खतरा

मंत्रालय ने डायलॉग और डिप्लोमेसी को मतभेद का समाधान बताते हुए कहा, "अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में जहाज को टारगेट करना ग्लोबल कॉमर्स और दुनिया भर के लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा है। हम अपील करेंगे कि जंग का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए करें।"

ब्लैक सी में हमले पर भारत की पहल

विदेश मंत्रालय ने इस दौरान यह भी बताया कि काला सागर में लगातार हो रहे हमलों का मुद्दा सितंबर 2026 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान भी उठाया था। इस दौरान लाइबेरिया के साथ मिलकर 'ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स ऑन सेफ्टी एंड सिक्योरिटी ऑफ शिपिंग एंड सीफेरर्स' की नई शुरुआत की थी। उन्होंने बताया कि इस ग्रुप में 25 देश शामिल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद भारतीय दूतावास ने अपडेट दिया था, जिसमें उनकी तरफ से बताया गया है कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और उनका इलाज रोमानिया के अस्पताल में चल रहा है।

Created On :   6 Oct 2026 9:13 PM IST

Tags

Next Story