Russia-Ukraine War: काला सागर में रूस का बड़ा हमला, 3 बल्क कैरियर और फेरी जहाज को बनाया निशाना

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। रूस और यूक्रेन के बीच लगातार तनाव जारी है। अब यह तनाव ब्लैक सी (काला सागर) में पहुंच गया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा करते हुए बताया कि उसने काला सागर में चार कार्गो जहाजों पर अटैक किया है, जो यूक्रेनी बंदरगाह चोर्नोमोर्स्क (ओडेसा इलाके) में मौजूद थे। मंत्रालय ने बताया कि यह हमला गेरान ड्रोन से किया गया है। इस दौरान तीन बल्क कैरियर और एक फेरी जहाज को निशाना बनाया गया है।
यह भी पढ़े -रूस-यूक्रेन जंग पर बड़ा अपडेट, जेलेंस्की ने सीजफायर का रखा प्रस्ताव, ट्रंप के राजदूत हुए सक्रिय?
वैध बताई हमले की कार्रवाई
रूस ने इस हमले को लेकर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि इन जहाजों का इस्तेमाल यूक्रेनी सशस्त्र बलों के लिए सैन्य सामान ले जाने के लिए किया जा रहा था। साथ ही, रूसी रक्षा मंत्रालय ने हमले का एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें उसने पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और दुश्मन के हित में उपयोग हो रहे पोतों पर वैध कार्रवाई करना बताया है।
इस हमले पर यूक्रेन ने क्या कहा?
दूसरी तरफ, यूक्रेनी मीडिया और अधिकारियों ने इसी दौरान हुए रूसी ड्रोन हमलों की एक अलग तस्वीर जारी की है। यूक्रेनी सी पोर्ट्स अथॉरिटी और ओडेसा इलाके के प्रशासन प्रमुख ओलेग किपर ने बताया कि 17 सितंबर को तंजानिया के झंडे वाला एक नागरिक जहाज यूक्रेनी बंदरगाह की ओर पहुंच रहा था। इसी दौरान वह रूसी ड्रोन का शिकार हो गया। साथ ही बताया कि इस अटैक में कैप्टन की जान चली गई और तीन चालक दल के सदस्य घायल हो गए हैं। इस मामले की जांच एजेंसियां कर रही हैं।
यह भी पढ़े -रूसी राष्ट्रपति का बड़ा बयान, कहा- 'मुश्किल दौर से गुजर रहा देश' चुनौतियों से निपटने के लिए कार्रवाई शुरू
अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन
इस हमले को यूक्रेनी अधिकारियों ने नागरिक शिपिंग और अंतरराष्ट्रीय नेविगेशन पर जानबूझकर किया गया हमला बताया है। इसके साथ ही मांग की कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दे। इसके साथ ही यूक्रेन ने कहा कि रूस बार-बार बंदरगाहों, पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक व्यापारिक जहाजों को निशाना बना रहा है। इससे अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन हो रहा है।
Created On :   18 Sept 2026 6:16 PM IST













