Delhi News: अग्निवीरों का डेटा डार्क वेब पर बेचने की कोशिश, 14 साल का किशोर गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अग्निवीरों का संवेदनशील डेटा चोरी कर डार्क वेब पर बेचने की कोशिश के मामले में 14 साल के किशोर को पकड़ा है। आरोपी हरियाणा के बल्लभगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, किशोर ने कथित तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर अग्निवीरों से जुड़ी जानकारी हासिल की थी। इसके बाद उसने डार्क वेब पर डेटा बेचने के लिए विज्ञापन पोस्ट किया। आरोपी ने विज्ञापन में दावा किया था कि उसके पास करीब 4,000 अग्निवीरों का डेटा है। इसके बदले उसने 500 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 46 हजार रुपये की मांग की थी। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने जांच के बाद किशोर को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया है। मामले की जांच जारी है।
दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने किशोर के डिजिटल डिवाइस से डेटा बरामद किया है। पुलिस ने अग्निवीरों के आधिकारिक रिकॉर्ड हासिल करने के लिए गृह मंत्रालय को भी पत्र लिखा है। मंत्रालय से डेटा मिलने के बाद पुलिस बरामद जानकारी का मिलान करेगी, ताकि यह पुष्टि हो सके कि चोरी हुआ डेटा वास्तविक और कितना व्यापक है।
यह भी पढ़े -स्लम पुनर्विकास परियोजना में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट अनियमितता मामले में एनजीटी ने डेवलपर से पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति वसूलने का निर्देश
दरअसल डार्क वेब इंटरनेट का ऐसा हिस्सा है, जहां तक सामान्य ब्राउजर से पहुंचना संभव नहीं होता। इसके लिए विशेष सॉफ्टवेयर की जरूरत पड़ती है। इसका इस्तेमाल वैध गोपनीय गतिविधियों के साथ-साथ चोरी किए गए डेटा और गैरकानूनी सामान की खरीद-बिक्री के लिए भी किया जाता है। जांच में सामने आया है कि चोरी किया गया डेटा ऐसी वेबसाइट से हासिल किया गया था, जिसे पूर्व अग्निवीरों के रजिस्ट्रेशन और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी तलाशने वालों की सुविधा के लिए तैयार किया गया था।
Created On :  

