MP BJP Reshuffle: कौन हैं बिप्लब कुमार? जिन्हें बीजेपी ने सौंपी एमपी के प्रभारी की जिम्मेदारी?

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में बीजेपी ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने राज्य के नए प्रभारी और सह प्रभारी के नाम घोषित कर दिए हैं। त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देव को मध्य प्रदेश के प्रभारी के पद पर चुना गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश की नेता रेखा वर्मा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इससे प्रदेश में प्रभारी को लेकर चल रही चर्चा खत्म हो गई है। अब तक डॉ. महेंद्र सिंह के पास यह जिम्मेदारी थी और अब उनको उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। वहीं, सतीश कुमार उपाध्याय की जगह रेखा वर्मा अब यह नई जिम्मेदारी संभालेंगी।
कौन हैं बिप्लब कुमार?
बिप्लब कुमार देव त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह साल 2018 से 2022 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उनके कार्यकाल में बीजेपी ने 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने त्रिपुरा में अपनी सरकार बनाई थी। साल 2024 में देव त्रिपुरा पश्चिम लोकसभा सीट से सांसद बने और बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में भी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली हुई है। उनको पार्टी की राष्ट्रीय संगठन में उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
कैसा रहा बिप्लब कुमार का राजनीतिक सफर?
बिप्लब कुमार देब का राजनीतिक सफर आरएसएस स्वयंसेवक से शुरू हुआ था। इसके बाद दिल्ली में बीजेपी नेता के.एन. गोविंदाचार्य के सहायक के तौर पर संगठन का अनुभव लेने के बाद वह साल 2016 में त्रिपुरा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बने थे। उनके आक्रामक और कुशल नेतृत्व में बीजेपी ने 2018 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी और राज्य में 25 साल के पुराने सीपीएम शासन को हटा दिया था। 9 मार्च 2018 को उन्होंने त्रिपुरा के 10वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की थी। हालांकि, 2022 में पार्टी के रणनीतिक फैसले के तहत उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वे राज्यसभा सांसद चुने गए और उन्हें हरियाणा भाजपा का प्रभारी बनाकर राष्ट्रीय राजनीति में लाया गया। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में त्रिपुरा पश्चिम सीट से भारी बहुमत से जीतकर वे लोकसभा पहुंचे। इसके बाद अब बिप्लब देब भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश के राज्य प्रभारी के रूप में देश की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
रेखा वर्मा बनीं सह प्रभारी
रेखा वर्मा उत्तर प्रदेश से आती हैं। वह धौरहरा लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुकी हैं। बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। अब पार्टी ने उन्हें मध्य प्रदेश का सह प्रभारी बनाया है और वह नए प्रभारी बिप्लब कुमार देव के साथ मिलकर राज्य में संगठन का काम देखेंगी।
यह भी पढ़े -भाजपा ने विनोद तावड़े को यूपी और राम माधव को उत्तराखंड प्रभारी बनाया, स्मृति को मिला हरियाणा का जिम्मा
महेंद्र सिंह को यूपी की जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश में अब तक डॉ. महेंद्र सिंह प्रभारी पद पर थे। पार्टी के कार्यक्रमों में वह लगातार एक्टिव नजर आ रहे थे। महेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश से आते हैं और अगले साल यूपी में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में बीजेपी ने उन्हें उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी है। इसके बाद मध्य प्रदेश में नए प्रभारी की जरूरत थी, इसलिए ही बिप्लब कुमार को यह जिम्मेदारी दी गई है।
सह प्रभारी भी बदले
मध्य प्रदेश में पहले सतीश कुमार उपाध्याय सह प्रभारी थे। वह दिल्ली से विधायक हैं और दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उनकी दूसरी जिम्मेदारियों को देखते हुए मध्य प्रदेश में सह प्रभारी बदलने की चर्चा चल रही थी और अब बीजेपी ने रेखा वर्मा को यह जिम्मेदारी सौंप दी है।
यह भी पढ़े -मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा कांग्रेस के समय लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का उड़ाया जाता था मजाक
प्रदेश प्रभारी का काम क्या होता है?
प्रदेश प्रभारी का मुख्य काम पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन के बीच तालमेल रखना होता है। वह प्रदेश अध्यक्ष और दूसरे नेताओं के साथ मिलकर संगठन से जुड़े काम देखते हैं। राज्य में पार्टी की गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी भी केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाई जाती है। चुनाव के समय प्रभारी की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है और सह प्रभारी भी संगठन से जुड़े काम में प्रभारी की मदद करते हैं।
Created On :   23 Sept 2026 3:50 PM IST








