Meghalaya Politics: मेघालय में यूडीपी के 12 में से 8 विधायकों ने बीजेपी का दामन थामा, अमित शाह से की थी मुलाकात

मेघालय में यूडीपी के 12 में से 8 विधायकों ने बीजेपी का दामन थामा, अमित शाह से की थी मुलाकात
मेघालय से बीजेपी के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। यूडीपी के 12 विधायकों में से 8 बीजेपी में शामिल हुए हैं। यूडीपी विधायकों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी।

डिजिटल डेस्क, शिलॉन्ग। मेघालय की राजनीति में बुधवार को एक बड़ा बदलाव देखन को मिला है। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी यानी यूडीपी के 12 में से 8 विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। इन विधायकों ने दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और इसके बाद ही पार्टी में जाने का ऐलान किया। खलीहियात से विधायक क्यिरमेन श्याला इन विधायकों की अगुवाई कर रहे थे। इससे पहले यूडीपी के पूर्व विधायक डॉ. जोमिनो मावथोह भी 12 सितंबर को बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। इस बदलाव के बाद ही मेघालय विधानसभा में बीजेपी की संख्या 2 से बढ़कर 10 हो गई है। 60 सदस्यों वाली विधानसभा में भी यह बदलाव काफी ज्यादा अहम माना जा रहा है।

अमित शाह से किन मुद्दों पर हुई बात?

क्यिरमेन श्याला के नेतृत्व में इन विधायकों ने BJP के नेताओं से मुलाकात की है। उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कोयला खनन और खासी भाषा से जुड़े मुद्दों पर बात हुई है। खासी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग भी सामने रखी गई है। विधायकों को इन मुद्दों पर आश्वासन मिलने की बात कही गई है। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और रिजिजू ने कहा कि मेघालय के 8 विधायक अब BJP का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि इन विधायकों का पार्टी में शामिल होना पूर्वोत्तर और देश की राजनीति के लिए बहुत अहम है। उन्होंने सभी विधायकों का BJP में स्वागत भी किया है।

12 साल के बदलाव का जिक्र

रिजिजू ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल में पूर्वोत्तर में कई बदलाव हुए हैं। उनके मुताबिक, मेघालय और पूरे पूर्वोत्तर में विकास के काम और केंद्र सरकार की नीतियों से ये विधायक प्रभावित हुए हैं और इस वजह से ही उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया है।

यह भी पढ़े -भारत में घरेलू हवाई यातायात अगस्त में 6.34 प्रतिशत घटा, स्पाइसजेट और इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी कम हुई

Created On :   23 Sept 2026 1:06 PM IST

Tags

Next Story