Abhijeet Dipke Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अभिजीत दीपके ने किया आंदोलन का ऐलान, मुंबई से होगा शुरू

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संयोजक अभिजीत दीपके ने चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग की है। दीपके ने कहा है कि अगर ज्ञानेश कुमार शनिवार तक पद नहीं छोड़ते हैं, तो उनकी पार्टी 2 अक्टूबर से मुंबई में विरोध शुरू करेगी। इसके बाद यह आंदोलन देश के दूसरे शहरों तक भी पहुंचाया जाएगा। इसके बाद उन्होंने कहा है कि गांधी जयंति के दिन लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोगों को एकसाथ आना चाहिए। सीजेपी पहले भी नेट पेपर लीक के मुद्दे पर भी प्रदर्शन कर चुकी है। अब पार्टी ने चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है।
इस्तीफा देने के लिए दिया अल्टीमेटम
अभिजीत दीपके ने गुरुवार को सौरव दास और आशुतोष रांका के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने चुनाव आयोग के सामने तीन मांगें रखीं हैं। इसमें पहली मांग ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की है। दूसरी मांग एसआईआर प्रक्रिया रोकने और जनवरी 2025 की वोटर लिस्ट वापस लाने की है और तीसरी मांग 2023 के कानून को हटाने और चुनाव आयोग में बदलाव करने की है। इसके बाद अभिजीत दीपके ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है कि सीईसी इस्तीफा दें।
यह भी पढ़े -विक्रम मिस्री की अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात, ऊर्जा सुरक्षा और एसआरआईए समेत कई मुद्दों पर चर्चा
एसआईआर को लेकर विवाद क्यों बढ़ा?
23 सितंबर को इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट सामने आई है। इसमें दावा किया गया है कि एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के तीन सदस्यों में से दो ने कई बार अपनी आपत्ति जताई थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद चुनाव आयोग के अंदर मतभेद को लेकर चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दल पहले से ही एसआईआर पर सवाल उठा रहे थे। इस रिपोर्ट के बाद उन्होंने अपनी मांग और तेज कर दी।
यह भी पढ़े -चुनाव आयुक्त मामले में सुप्रीम कोर्ट ले संज्ञान, विपक्ष की मांग और विरोध प्रदर्शन के बीच सीईसी का मेरठ कार्यक्रम रद्द
विपक्ष ने भी खोला मोर्चा
कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके और टीएमसी सहित कई विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। इन दलों ने सुप्रीम कोर्ट से मामले पर ध्यान देने की अपील भी की है। वहीं, कांग्रेस ने शुक्रवार को देशभर में चुनाव आयोग के दफ्तरों तक मार्च का कार्यक्रम रखा है। राहुल गांधी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग और बीजेपी पर सवाल उठाए। विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू करने की बात भी कह रहे हैं।
Created On :   25 Sept 2026 2:08 PM IST










