मध्य प्रदेश: उज्जैन में बजरंग दल के कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों के बीच में झड़प, दोनों पक्षों में पत्थरबाजी, सब-इंस्पेक्टर घायल

उज्जैन में बजरंग दल के कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों के बीच में झड़प, दोनों पक्षों में पत्थरबाजी, सब-इंस्पेक्टर घायल
मध्य प्रदेश के उज्जैन में मंदिर विस्थापन को लेकर विवाद देखने को मिला। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के समय दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मंदिर विस्थापन को लेकर विवाद देखने को मिला। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के समय दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे। इस दौरान पथराव भी हुए है, जिसमें सब-इंस्पेक्टर अंकित बनोध का सिर फूट गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दर्शन बामनिया और रवि बामनिया को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना शनिवार रात 8 बजे की बताई जा रही है।

मौके पर बजरंग दल के कार्यकर्ता

बताया जा रहा है कि पंचमपुरा इलाके में नगर निगम का आमला सड़क चौड़ीकरण करने का कार्य कर रहा है। इसी वजह से मंदिर और आसपास के आतिक्रमण को हटाने का काम किया जा रहा था। यह भी बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय लोगों ने मंदिर विस्थापन की सहमति भी दे दी थी। हालांकि, इस मामले में कॉलोनी के दो परिवारों ने आपत्ति जताई, क्योंकि उनके घर भी अतिक्रमण में आ रहे थे। इस वजह से वे इस कार्रवाई का विरोध कर रहे और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मौके पर बुलाया। इसके बाद कार्यकर्ता कार्रवाई को रोकने लगे।

बहस के बाद तीखी नोकझोंक

इस घटना के दौरान स्थानीय रहवासी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मंदिर विस्थापन के लिए सहमति दे दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों में बहस छिड़ गई, जो कुछ देर में तीखी नोकझोंक पर पहुंच गई। इसके बाद दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों को बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने जातिसूचक गालियां दी। इस पर रहवासी भड़क गए और विवाद बढ़ गया।

CSP ने क्या बताया

सीएसपी दीपिका शिंदे ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ। इसके बाद यह झड़प में तब्दील हो गई। उन्होंने आगे बताया कि फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और स्थिति कंट्रोल में है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है, जिनका नाम दर्शन बामनिया और रवि बामनिया बताया गया है। उन्होंने आगे बताया कि इस मामले की आगे की जांच चल रही है और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगा।

Created On :   12 April 2026 12:12 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story