Maharashtra News: धाराशिव में जहरीली कोल्ड ड्रिंक से मचा हड़कंप, दो नर्सों की हालत गंभीर, हजारों लोगों तक पहुंचने से पहले टली बड़ी घटना

धाराशिव में जहरीली कोल्ड ड्रिंक से मचा हड़कंप, दो नर्सों की हालत गंभीर, हजारों लोगों तक पहुंचने से पहले टली बड़ी घटना
धाराशिव में कोल्ड ड्रिंक पीने से दो नर्सों की तबीयत बिगड़ गई। वहीं, समय रहते संदिग्ध बोतलें जब्त कर ली गईं हैं।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के धाराशिव जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद दो नर्सों की तबीयत अचानक खराब हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें फूड पॉइजनिंग हुई है। राहत की बात यह रही कि यही कोल्ड ड्रिंक बड़ी संख्या में लोगों को बांटी जानी थी लेकिन उससे पहले ही मामला सामने आ गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सभी संदिग्ध बोतलों को अपने कब्जे में ले लिया गया है। अब जांच की जा रही है कि कोल्ड ड्रिंक कहां से आई और इसमें गड़बड़ी कैसे हुई।

दो नर्सों की हालत बिगड़ी

जानकारी के अनुसार, पूजा जाधव और पल्लवी सौदागर नाम की दो नर्सों ने कोल्ड ड्रिंक पी थी। इसके कुछ समय बाद दोनों की तबीयत खराब हो गई। एक नर्स का इलाज लातूर के अस्पताल में चल रहा है जबकि दूसरी को अंबाजोगाई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर दोनों का इलाज कर रहे हैं।

लोगों में बांटने से पहले जांच शुरू

बताया गया कि यह कोल्ड ड्रिंक पालकी यात्रा के दौरान लोगों को बांटने की तैयारी थी। घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य एवं औषधि विभाग (FDA) की टीम मौके पर पहुंच गई। सभी संदिग्ध कोल्ड ड्रिंक जब्त कर ली गई हैं। पुलिस भी जांच कर रही है कि इन्हें कौन लाया था और कहां से खरीदा गया था।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

कुछ दिन पहले मेरठ में सील बंद पानी की बोतल में तेजाब मिलने का मामला सामने आया था। वहीं, मुंबई में मुहर्रम के जुलूस से पहले जहरीले कैप्सूल बांटने की साजिश भी पुलिस ने नाकाम कर दी थी। इन घटनाओं के बाद खाने-पीने की चीजों की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।

Created On :   13 July 2026 9:35 AM IST

Tags

Next Story