West Bengal News: 136 साल पुरानी बांकरा मस्जिद में एंट्री और नमाज पर रोक, जानिए क्या है पूरा मामला

136 साल पुरानी बांकरा मस्जिद में एंट्री और नमाज पर रोक, जानिए क्या है पूरा मामला
कोलकाता एयरपोर्ट की बांकरा मस्जिद में फिलहाल एंट्री और सामूहिक नमाज रोकी गई है।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। कोलकाता एयरपोर्ट के अंदर बनी 136 साल पुरानी बांकरा मस्जिद में फिलहाल लोगों की एंट्री रोक दी गई है। यहां सामूहिक नमाज भी नहीं हो रही है। एयरपोर्ट के रनवे को बड़ा करने का काम शुरू होने वाला है, इसलिए यह फैसला लिया गया है। यह मस्जिद लंबे समय से एयरपोर्ट परिसर में मौजूद है और इसे दूसरी जगह ले जाने की बात पहले भी होती रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा और निर्माण के काम को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इस फैसले के बाद इस मामले पर कई लोगों की अलग-अलग राय सामने आ रही है।

दिलीप घोष ने क्या कहा?

कोलकाता एयरपोर्ट पर बांकरा मस्जिद के बारे में राज्य मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि मस्जिद जिस जगह पर थी, वहां उसके होने का कोई औचित्य नहीं था। इसे जानबूझकर रनवे एरिया में रहने दिया गया था। अब वहां नमाज भी बंद कर दी गई है। मुझे उम्मीद है कि वे उस जगह को खाली कर देंगे ताकि रनवे को बढ़ाने का काम आसानी से हो सके।

दो दिन के लिए रोकी गई एंट्री

अधिकारियों ने बताया कि मस्जिद तक जाने वाली सड़क बारिश की वजह से खराब हो गई थी इसलिए कुछ समय के लिए लोगों की एंट्री बंद की गई। सड़क ठीक होने के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा। साथ ही, रनवे बढ़ाने की तैयारी भी चल रही है।

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा को बताया सबसे जरूरी

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि एयरपोर्ट देश की सुरक्षा से जुड़ा अहम स्थान है। ऐसे में सुरक्षा सबसे पहले है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के अंदर बिना जरूरत लोगों का आना-जाना ठीक नहीं माना जा सकता।

धर्म मानने की आजादी की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी को भी अपना धर्म मानने से नहीं रोका जा रहा है। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने और शांति बनाए रखने की अपील की। उनका कहना है कि सभी अपने धर्म का पालन करें लेकिन नियमों का भी ध्यान रखें।

Created On :   13 July 2026 10:25 AM IST

Tags

Next Story