MP News: खड़गे के 'खुशियों की ईद' वाले बयान पर भड़के रामेश्वर शर्मा, बोले- हमारी दीपावली की मिठास पर नहीं पड़ेगा असर

खड़गे के खुशियों की ईद वाले बयान पर भड़के रामेश्वर शर्मा, बोले- हमारी दीपावली की मिठास पर नहीं पड़ेगा असर
खड़गे के ‘खुशियों की ईद’ वाले बयान पर रामेश्वर शर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर सनातन संस्कृति को भूलने और दीपावली का महत्व नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। उनके दिवाली को खुशियों की ईद बताने वाले बयान पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को हर जगह सिर्फ ईद दिखाई देती है और वह दीपावली जैसे बड़े त्योहार को भूल गई है। शर्मा ने कहा कि दीपावली मां लक्ष्मी की पूजा, खुशियों और भारतीय संस्कृति से जुड़ा पर्व है। उन्होंने राहुल गांधी पर भी तंज कसा और कहा कि उनके कारण कांग्रेस की हालत लगातार खराब होती जा रही है।

कांग्रेस को सिर्फ ईद दिखाई देती है

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के मन में सिर्फ ईद की बातें चलती हैं। इसी वजह से वे दीपावली, मां लक्ष्मी की पूजा और इस त्योहार के महत्व को भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली भारत की संस्कृति और खुशहाली का पर्व है। इस दिन लोग पूरे उत्साह से त्योहार मनाते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में एक अबोध बालक के कारण मुस्लिम पक्ष की बातें हावी हो गई हैं। उनके मुताबिक, पहले राहुल गांधी ने कांग्रेस को कमजोर किया और अब पार्टी के पुराने और अनुभवी नेताओं की सोच पर भी इसका असर पड़ रहा है।

हमारी दीपावली की खुशियां कम नहीं होंगी

बीजेपी विधायक ने खड़गे को जवाब देते हुए कहा कि उनके ईद कहने से दीपावली की खुशियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, “खड़गे जी, आपके ईद कहने से हमारी दीपावली खराब नहीं होगी। हमारी दीपावली की आतिशबाजी और मिठाइयां समाज में मिठास ही घोलेंगी।”

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सनातन धर्म पर चाहे जितनी बातें बना ले, लेकिन इसकी संस्कृति और त्योहारों का महत्व कम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सनातन की मिठास पूरी दुनिया में बनी रहेगी और लोग इसी तरह खुशी से अपने त्योहार मनाते रहेंगे।

कांग्रेस के भविष्य पर भी कसा तंज

रामेश्वर शर्मा ने अपनी बात रखते हुए रामायण की चौपाई ‘जाको प्रभु दारुण दुख देई, ताकि मति पहले हर लेई’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की समझ पर अब असर पड़ रहा है और पार्टी का भविष्य केवल चार से छह साल का रह गया है। उनके अनुसार, इसके बाद कांग्रेस खुद खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत में दीपावली, रामनवमी, जन्माष्टमी, महावीर जयंती, बुद्ध पूर्णिमा और गुरु नानक जयंती जैसे कई पर्व मनाए जाते हैं। यहां सभी धर्मों और परंपराओं के त्योहारों का अपना महत्व है। उन्होंने कहा कि यह सनातन संस्कृति वाला देश है और कांग्रेस के कटाक्ष करने से इन त्योहारों का उत्साह कभी कम नहीं होगा।

Created On :  

Tags

Next Story