हथिनी 'स्मिता' मौत: पोस्टमार्टम के बाद शव का किया अंतिम संस्कार, पुष्पमाला अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

भोपाल। सतपुडा टाइगर रिजर्व, नर्मदापुरम के अंतर्गत वन परिक्षेत्र चूरना के कक्ष क्रमांक 190, बीट मल्लूपुरा में 9 अगस्त की रात्रि विभागीय हाथियों को जंगल में छोड़ा गया था। दिनांक 10 अगस्त को हाथियों के कैम्प में वापस लौटने के दौरान लगभग 46 वर्षीय मादा हाथी 'स्मिता' के शरीर पर चोट के निशान पाए गए। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक फर्स्ट एड प्रदान किया गया। उपचार के पश्चात मादा हाथी 'स्मिता' की गतिविधियां, चलना-फिरना एवं भोजन ग्रहण करना सामान्य पाया गया। किंतु गत सोमवार को लगभग सायं 4 बजे उसकी मृत्यु हो गई। प्रारंभिक घटनास्थल निरीक्षण एवं उपलब्ध जानकारी के आधार पर मादा हाथी 'स्मिता' के नर हाथी 'कृष्णा' के साथ संघर्ष के दौरान घायल होने की संभावना सामने आई। मृत्यु के वास्तविक कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि हेतु मंगलवार को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार वन्यप्राणी चिकित्सा दल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान आवश्यक वैज्ञानिक नमूने विधिवत संकलित एवं संरक्षित किए गए हैं, जिन्हें आवश्यक प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम एवं आवश्यक सैंपलिंग की कार्यवाही पूर्ण होने के पश्चात मादा हाथी 'स्मिता' को पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसके शव के शवदाह भस्मीकरण की कार्यवाही पूर्ण की गई।
पोस्टमार्टम, सैंपलिंग एवं शवदाह के समय इनकी रही उपस्थित
अशोक कुमार - मुख्य वन संरक्षक, वन वृत्त नर्मदापुरम, ऋषिमा सिंह नेताम उपसंचालक, सतपुडा टाइगर रिजर्व, नर्मदापुरम, डॉ. गुरुदत्त शर्मा- वन्यप्राणी चिकित्सक, सतपुडा टाइगर रिजर्व, नर्मदापुरम, वन्यप्राणी संरक्षण ट्रस्ट, भोपाल एवं एन.टी.सी.ए. प्रतिनिधि डॉ. प्रशांत देशमुख, डॉ. निधि राजपूत
पशु चिकित्सक, स्कूल ऑफ फॉरेन्सिक एण्ड हेल्थ, जबलपुर, डॉ. हमजा फारूखी वन्यप्राणी संरक्षण ट्रस्ट, भोपाल, यशोदा विनोद यादव सरपच, ग्राम पचायत धपाड़ा, दिलीप सिंह परते तहसीलदार, केसला मौजूद रहे।
यह भी पढ़े -मध्य प्रदेश में परीक्षा घोटाले, आरक्षण और छात्रसंघ चुनाव पर सरकार की नीयत सवालों के घेरे में है कांग्रेस
वैज्ञानिक नमूनों को सुरक्षित रखा
पोस्टमार्टम के दौरान प्राप्त आवश्यक वैज्ञानिक नमूनों को सुरक्षित रखा गया है। मृत्यु के वास्तविक कारणों के संबंध में अंतिम निष्कर्ष आवश्यक प्रयोगशाला परीक्षणों एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर निर्धारित किया जाएगा। सतपुडा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा मादा हाथी 'स्मिता' की मृत्यु से संबंधित समस्त आवश्यक अभिलेखीय, वैज्ञानिक एवं वैधानिक कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण की गई है।
Created On :   11 Aug 2026 11:37 PM IST











