फिर मचेगा भौकाल: मिर्जापुर की गद्दी अब ओटीटी से आगे निकलकर बड़े परदे पर दिखाएगी दम, 'मिर्जापुर द मूवी' का ट्रेलर आया सामने

मुंबई। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु की अदाकारी से सजी आगामी फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी' का ट्रेलर मुंबई में रिलीज किया गया। इस मौके पर अभिनेता रविकिशन को छोड़कर फिल्म की सारी स्टार कास्ट मौजूद थी। ‘मिर्जापुर द मूवी' में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा के साथ जीतेन्द्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेन्द्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह भी नजर आएंगे। ट्रेलर लांच पर फिल्म के निर्माता फरहान अख्तर भी मौजूद थे उन्होंने मीडिया को बताया कि उन्हें काफी सालों से पूछा जा रहा था कि वह मिर्जापुर कब रिलीज कर रहे है।
यह भी पढ़े -ऑस्कर 2027 के लिए भारत की एंट्री प्रक्रिया शुरू, फेडरेशन ऑफ इंडिया ने निर्माताओं से मांगी फिल्में
ट्रेलर में क्या खास है? क्या है कहानी?
लगभग तीन मिनट के ट्रेलर में मिर्जापुर की सत्ता का संघर्ष दिखाया गया है। जहां पंकज त्रिपाठी सत्ता पर बने रहने के मंत्र बताते हैं, वहीं रवि किशन उन्हें सत्ता से हटाने की चाल चलते नजर आते हैं। ट्रेलर में जहां पंकज त्रिपाठी का दमदार गैंगस्टर कालीन भैया का बेखौफ अंदाज नजर आ रहा है तो वही मुन्ना और गुड्डू भैया का भौकाल दिखाई दे रहा है। अली फजल और दिव्येंदु सत्ता के लिए संघर्ष करते हुए नजर आते हैं। ट्रेलर में जबरदस्त डायलॉग हैं, बंदूक , खून खराबा , एक्शन , मारपीट और दबंगई भरपूर दिखाई गयी है। हिंसा और भौकाल कूट कूटकर भरा हुआ है। वहीं जितेंद्र कुमार बबलू पंडित के किरदार में नजर आए हैं। सीरीज में इस किरदार को विक्रांत मैसी ने निभाया था। यह फिल्म चर्चित सीरीज 'मिर्जापुर' की कहानी के आधार पर बनी है।
ट्रेलर के मशहूर डायलॉग्स
- गद्दी ना तो विरासत से मिलती है, ना सियासत से। मिलती है तो सिर्फ और सिर्फ तो बाहुबल से। टिकती है डर से।
- जिस दिन गद्दी पर बैठे समझो मौत से तुम्हारा रिश्ता पक्का हो गया।
- बाहुबलि मारते नहीं, मारने का ऑर्डर देते हैं।
- ईमानदारी ना पापा अजगर है, लपेटे आप हैं अपने गले में। दम सबका घुट रहा है।
- खतरा चाहे जितना छोटा हो, उसे जिंदा नहीं छोड़ सकते।
- बात यह नहीं है कि मेरा बेटा गाली (..) है। .बात यह जरुरी है कि वह मेरा बेटा है..
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी' 4 सितंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह हिंदी और तेलुगु भाषा में भी रिलीज होगी। इस फिल्म के निर्देशक गुरमीत सिंह हैं। वहीं पुनीत कृष्णा इसके लेखक हैं। इसे रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं।
यह भी पढ़े -जब सारा अली खान ने पंखे पर फेंक दी फेविकोल की बोतल, सस्पेंड होने की आ गई थी नौबत
Created On :   11 Aug 2026 8:26 PM IST












