आतंकी साजिश नाकाम?: दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, तमिलनाडु से 6 संदिग्ध गिरफ्तार, PAK से जुड़े आतंकी संगठनों के पक्ष में करते थे पोस्ट

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, तमिलनाडु से 6 संदिग्ध गिरफ्तार, PAK से जुड़े आतंकी संगठनों के पक्ष में करते थे पोस्ट
दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए तमिलनाडु से 6 संदिग्धों को दबोचा है। सभी पर पाकिस्तानी आतंकी संगठन के पक्ष में फोटो और वीडियो पोस्ट करने का आरोप है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा एक्शन लेते हुए तमिलनाडु के तिरुपुर जिले से छह लोगों को पकड़ा है। पुलिस का कहना है कि यह लोग सोशल मीडिया पर पाकिस्तान से जुड़े आतंकी संगठनों के पक्ष में पोस्ट और वीडियो डाल रहे थे। खुफिया सूचना मिलने के बाद एक विशेष टीम जांच के लिए वहां भेजी गई।

अलग-अलग जगह से 6 लोग गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की। दो लोगों को उथुकुली से, तीन को पल्लडम से और एक को थिरुमुरुगनपुंडी क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपी फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। इन दस्तावेजों के सहारे वे गारमेंट फैक्ट्रियों में काम कर रहे थे।

संदिग्धों की पहचान?

गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्ज्वल बताए गए हैं। इसी मामले में पश्चिम बंगाल से भी दो लोगों को पकड़ा गया है। अब तक कुल आठ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त?

पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन और सोलह सिम कार्ड जब्त किए हैं। इन सभी इलेक्ट्रॉनिक सामान की जांच की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि वे किन लोगों के संपर्क में थे और किस तरह का नेटवर्क चल रहा था। मामले की आगे जांच जारी है।

दिल्ली की बढ़ी सुरक्षा

खुफिया एजेंसियों को आतंकवादी हमले का इंटेल मिला है। जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई बड़े शहरों को अलर्ट पर कर दिया है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने लाल किला और चांदनी चौक स्थित मंदिरों के आस-पास वाले इलाकों को निशाना बनाने की प्लानिंग की है। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि, ऐसी जहग को निशाना बनाने की योजना है जहां ज्यादा भीड़ आती-जाती हो। देश की राजधानी में सुरक्षा फोर्स की टीमें भी एकदम चौकन्नी हैं ताकि देश की व्यवस्था को कोई अस्थिर न कर सके।

यह भी पढ़े -'नई वोटर लिस्ट अब बीजेपी को ही रास...' राजस्थान की फाइनल मतदाता सूची पर कांग्रेस ने बीजेपी से किए ये सवाल

Created On :   22 Feb 2026 11:02 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story