Indigo Flight Lightning Strike: पटना से अहमदाबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट पर गिरी बिजली, नोज हुई क्षतिग्रस्त, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट (विमान) पर आकाशीय बिजली गिर गई। बुधवार शाम को इस घटना में विमान का अगला हिस्सा (नोज) क्षतिग्रस्त हो गया। उस समय विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था। पायलट की सूझ-बूझ से विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के वक्त विमान में 150 यात्री सवार थे, सभी सुरक्षित हैं।
इंडिगो फ्लाइट (6E925) ने पटना एयरपोर्ट से बुधवार दोपहर 3:10 बजे उड़ान भरी थी। फ्लाइट को 6E6968 के रूप में 5:05 बजे लखनऊ से अहमदाबाद जाना था। 1700 फीट की ऊंचाई पर विमान बिजली की चपेट में आ गया, जिसके बाद उसे शाम 4:20 की जगह 4:05 बजे ही लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया।
यह भी पढ़े -चंद मिनटों में 28 हजार फिट से नीचे आई ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट, इमरजेंसी अलर्ट के बाद वापस लंदन लौटी
तकनीकी समस्या आने की वजह से फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। इंडिगो ने यात्रियों के लिए दूसरे विमान का इंतजाम किया जिसने शाम 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी।
इसी साल जून में भी ऐसी ही घटना सामने आई थी। 19 जून को कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े एक इंडिगो विमान (6E6068) पर बिजली गिर गई थी। विमान में सवार सभी 141 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया था। बाद में उन्हें दूसरे विमान से अगरतला भेजा गया था।
यह भी पढ़े -ईरान में टेकऑफ के बाद फटा प्लेन का टायर, हवा में अटकीं सैंकड़ों जानें, मशहद एयरपोर्ट पर कराई इमरजेंसी लैंडिंग
बिजली गिरने से फ्लाइट को क्या नुकसान होता है?
आकाशीय बिजली गिरने से विमान को कोई नुकसान नहीं पहुंचता है। दरअसल, विमान की आउटर लेयर का इस तरह से निर्माण होता है कि करंट बाहर से ही गुजर जाए। कई बार उस पर छोटे से निशान या छेद हो जाते हैं। हालांकि बिजली की चपेट में आने के बाद विमान की तकनीकी जांच जरूर की जाती है।
Created On :   7 Oct 2026 11:33 PM IST













