द्विपक्षीय व्यापार वार्ता: जल्द भारत के अंगूर और अनार का स्वाद लेगा वियतनाम, पीएम मोदी से मिले वियतनामी राष्ट्रपति तो लैम, समझौते पर हुई चर्चा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लैम की मौजूदगी में भारत और वियतनाम के बीच ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ। पीएम मोदी ने कहा राष्ट्रपति तो लैम का भारत में स्वागत है। राष्ट्रपति तो लैम ने भारत की यात्रा की शुरूआत बोधगया से की थी। यह हमारे दोनों देशों की आध्यात्मिक परंपराओं को दर्शाता है। भारत और वियतनाम की साझेदारी में विरासत और विकास का महत्व है। पिछले वर्ष जब भारत से बौद्ध अवशेष वियतनाम गए तो उनके दर्शन 1.5 करोड़ से अधिक लोगों ने किए थे। हमारी साझा विरासत को जीवंत रखने के लिए हम वियतनाम की प्राचीन सभ्यताओं के मंदिरों का जीर्णोद्धार कर रहे हैं। हमारे व्यापक संबंधों ने तेज और व्यापक समृद्धि की है।
यह भी पढ़े -अजित डोभाल ने राष्ट्रपति तो लाम से की मुलाकात, भारत-वियतनाम संबंध और रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा
पीएम मोदी ने आगे कहा हर क्षेत्र में हमारा सहयोग नए स्तर तक पहुंचेगा। भारत और वियतनाम का द्विपक्षीय व्यापार पिछले 1 दशक में दोगुना होकर 16 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। 2030 तक इसे 25 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लिए हमने आज कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, बहुत जल्द वियतनाम भारत के अंगूर और अनार का स्वाद लेगा, हमें बहुत खुशी है कि दोनों देशों के बीच एयर कनेक्टिविटी लगातार बढ़ रही है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव और वियतनाम के राष्ट्रपति, तो लैम ने प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में वियतनाम के राष्ट्रपति तो लैम से मुलाकात की।
यह भी पढ़े -वियतनाम राष्ट्रपति तो लाम की भारत यात्रा से व्यापार और सप्लाई चेन संबंधों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद
वियतनाम के राष्ट्रपति, तो लैम का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। इस साल अप्रैल में वियतनाम के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद, यह राष्ट्रपति तो लैम का भारत का पहला राजकीय दौरा है। तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लैम ने राजघाट पर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय भी मौजूद रहे।
Created On :   6 May 2026 2:36 PM IST





